पूर्व कप्तान कृष्णामाचारी श्रीकांत को लगता है कि भारत ने अफगानिस्तान के स्पिनरों की गेंदों का कुछ ज्यादा ही सम्मान किया तथा उन्हें और ज्यादा आक्रामकता से खेलना चाहिए था। श्रीकांत ने अफगानिस्तान पर मिली 11 रन की जीत के दौरान भारतीय कप्तान विराट कोहली की बेहतरीन कप्तानी की भी प्रशंसा की।
श्रीकांत ने कहा कि विकेट थोड़ा धीमा था लेकिन सच कहूं तो मुझे लगता है कि भारत मध्य के ओवरों में थोड़ा अटक गया था और उसे थोड़ा और ज्यादा आक्रामक होकर खेलना चाहिए था। अफगानिस्तान के गेंदबाजों विशेषकर नबी, मुजीब उर रहमान और राशिद खान ने अच्छी गेंदबाजी की लेकिन उन्होंने इतना अच्छा भी नहीं किया कि वे भारत को 225 रन पर रोक दे। लेकिन अंत में भारत ने जीत हासिल की जो अहम था।
श्रीकांत ने कहा कि मुझे लगता है कि विराट कोहली ने अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार कप्तानी की और उनकी बेहतरीन नेतृत्व क्षमता के कारण ही भारत ने अंत में जीत हासिल की।