टीम इंडिया इस समय इंग्लैंड में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है। सीरीज में दोनों टीमों ने 1-1 मैच जीत लिए हैं। ऐसे में अगले दोनों मैच दोनों टीमों के लिए बेहद खास है।
भारत का अगला मैच मैनचेस्टर में 7 अगस्त से खेला जाएगा। भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ता इसी दिन टीम चयन को लेकर बड़ा फैसला करने वाले हैं।
माना जा रहा है कि इस दिन जिन-जिन खिलाड़ियों को टीम इंडिया में शामिल किया जाएगा उन्हें अगले साल ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले वर्ल्ड कप खेलने का मौका मिल सकता है।
जो चुना जाएगा, उसकी हो जाएगी बल्ले!
टेस्ट सीरीज के बाद इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली 5 मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन मुख्य चयनकर्ता संदीप पाटील की अगुवाई में मुंबई में 7 अगस्त को किया जाएगा।
टीम इंडिया 5 मैचों की ही मौजूदा टेस्ट सीरीज के तुरंत बाद वनडे सीरीज में हिस्सा लेगी। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, "5 वनडे और एकमात्र टी-20 मैच के लिए चयन समिति की बैठक मुंबई में 7 अगस्त को दो बजे होगी।"
भारतीय टीम टेस्ट सीरीज में फिलहाल तीन मैचों में 1-1 की बराबरी पर है। चूंकि वर्ल्ड कप अब करीब आ चुका है ऐसे में संभावनाएं जताई जा रही हैं कि वनडे टीम में खिलाड़ियों का चयन उसी को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
लिहाजा चयनित खिलाड़ियों का स्थान वर्ल्ड कप में लगभग सुनिश्चित हो जाएगा।
भारत ने जून में खेली थी आखिरी सीरीज
भारत ने इससे पहले बांग्लादेश के खिलाफ जून में तीन मैचों की वनडे सीरीज खेला था। हालांकि इस सीरीज में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली, रोहित शर्मा, आर अश्विन जैसे कई बड़े खिलाड़ी नहीं खेले थे। इस दौरे पर टीम इंडिया की कमान सुरेश रैना ने संभाली थी।
इस बीच सूत्रों ने कहा कि बीसीसीआई 5 अगस्त को भविष्य में होने वाले अंतरराष्ट्रीय और घरेलू सीरीज के लिए टाइटल स्पॉंसर तलाशने के लिए एक टेंडर जारी करने की रुपरेखा तैयार करेगी।
स्टार इंडिया ने बीसीसीआई के साथ 2019 तक के सभी मैचों की ब्रॉडकास्ट करार किया है। जबकि भारती-एयरटेल ने अक्टूबर 2013 से मार्च 2014 तक के लिए टाइटल स्पॉंसर भी हासिल की थी लेकिन अब उसने 6 महीने के इस करार को आगे नहीं बढ़ाया।
टीम इंडिया के लचर खेल पर भड़के गावस्कर
इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में मिली शर्मनाक हार के बाद पूर्व भारतीय दिग्गज सुनील गावस्कर ने टीम इंडिया को आड़े हाथों लिया है। गावस्कर ने कहा कि टीम को एक बार फिर बड़ी जीत के बाद लापरवाही की आदत के कारण हार का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा, "हमने इंग्लैंड को लय हासिल करने का मौका दे दिया। उन्हें उनके ऐतिहासिक मैदान लॉर्ड्स पर हराने के बाद निश्चित रूप से हमने उन्हें हतोत्साहित कर दिया था लेकिन मुझे नहीं पता कि इसके बाद पांच दिनों तक हमने क्या किया?"
सनी ने कहा, "पहले दिन हमारा प्रदर्शन बेहद खराब रहा। हमने कुक का कैच गिरा दिया। हमें स्लिप की अपनी फिल्डिंग के साथ ही कई दिशाओं में सुधार करने की जरूरत है। मैच में हमारी फील्डिंग काफी ढीली थी।"