विराट कोहली की अगुवाई में टीम इंडिया बांग्लादेश के लिए रवाना होने से पहले शुक्रवार को कोलकाता में इकट्ठा होगी। ढाका के लिए रवाना होने से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी कोलकाता में दो दिवसीय कैंप में शामिल होंगे।
इसके बाद यह टीम इंडिया बांग्लादेश के लिए जाएगी जहां उसे 10 जून से एकमात्र टेस्ट मैच खेलना है। टेस्ट के बाद भारत को बांग्लादेश के साथ 3 मैचों की वनडे सीरीज भी खेलनी है। भारतीय वनडे टीम की कमान महेंद्र सिंह धोनी के पास है।
सूत्रों के अनुसार, टीम के खिलाड़ी टुकड़ों में यहां आएंगे और शनिवार तथा रविवार को अभ्यास करेंगे। फिर टीम सोमवार को सुबह साढे़ सात बजे ढाका के लिए रवाना हो जाएगी। हालांकि पहले से तय कार्यक्रम के आधार पर टीम इंडिया को 7 जून को बांग्लादेश के लिए निकलना था लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण उनकी यात्रा एक दिन के लिए आगे बढ़ा दी गई।
हालांकि टेस्ट टीम के भारतीय कप्तान विराट कोहली बांग्लादेश जाने से पहले यहीं पर एक प्रेस कांफ्रेंस भी करेंगे। यहां यह भी दिलचस्प होगा कि बीसीसीआई की सलाहकार समिति में शामिल होने के बाद पूर्व क्रिकेटरों की तिकड़ी (सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण) पहली बार यहीं पर बैठक करेंगे। यह समिति टीम इंडिया के नए कोच के चयन के बारे में उपयोगी सुझाव देगी।