उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पूंजी निवेश के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि देश में पूंजी निवेश के लिए विदेशी उद्योगपतियों को आमंत्रित करने का प्रधानमंत्री का प्रयास सराहनीय है।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों की कांग्रेस समते विपक्ष की अधिकांश पार्टियां आलोचना करती रही है। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी कह चुके हैं कि प्रधानमंत्री को विदेश जाने के बजाय देश के किसानों से मुलाकात करनी चाहिए।
ऐसे में अखिलेश यादव का बयान काफी अहम है। केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी दावा करती रही है कि प्रधानमंत्री के विदेश दौरों से निवेश बढ़ा है। अखिलेश के बयान से केंद्र सरकार और भाजपा के रूख की पुष्टि हुई है।