राहुल का लंदन में हाल ही में दाईं जांघ का ऑपरेशन हुआ था, जबकि पंत पिछले साल दिसंबर में हुए कार एक्सीडेंट के बाद से रिहैब में हैं। हालांकि, खुशखबरी यह है कि दोनों धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। पंत ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें उनके साथ राहुल, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर और युजवेंद्र चहल नजर आ रहे हैं।
शार्दुल ने चहल का गला दबाया
- फोटो : सोशल मीडिया
पंत ने तस्वीर शेयर कर लिखा- अपनी गैंग से फिर से मिलना हमेशा मजेदार होता है। इस पर राहुल ने कमेंट में दिल का इमोजी बनाया है। पंत ने यह तस्वीर चिन्नास्वामी स्टेडियम से शेयर की है। यह सभी खिलाड़ी फिलहाल बेंगलुरु के एनसीए में ट्रेन कर रहे हैं। सिराज, शार्दुल और चहल जहां वेस्टइंडीज दौरे के लिए तैयारी कर रहे हैं। वहीं, पंत और राहुल चोट से उबरने की कोशिश में जुटे हुए हैं। राहुल को आईपीएल के दौरान चोट लगी थी।
तस्वीरों में शार्दुल मस्ती में चहल का गला दबाते भी नजर आ रहे हैं। वहीं, उनके बगल में मौजूद सिराज और पंत यह देखकर हंसते हुए दिख रहे हैं। इसके बाद पंत ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी में 'सॉरी युजी भाई' भी लिखा। तस्वीर देखकर लग रहा कि यह चिन्नास्वामी स्टेडियम के अंदर में मौजूद जिम की है। पंत के दाएं पैर में नीले रंग की पट्टी लगी हुई है। पंत के इस पैर में काफी गंभीर चोट लगी थी, जिसकी सर्जरी भी हुई। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें पूरी तरह से रिकवर होने में अब भी चार-पांच महीने का वक्त लग सकता है। आईपीएल से दूर रहने के बाद अब पंत एशिया कप और वर्ल्ड कप से भी दूर रह सकते हैं।
वहीं, राहुल की फिटनेस पर भी संशय जारी है। वह भी एशिया कप से दूर रह सकते हैं। हालांकि, वर्ल्ड कप से पहले तक राहुल फिट हो सकते हैं। वहीं, अन्य खिलाड़ियों की बात करें तो सिराज और शार्दुल को टेस्ट और वनडे दोनों स्क्वॉड में शामिल किया गया है। वहीं, चहल वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। उनके अलावा रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, और कुलदीप यादव स्पिन डिपार्टमेंट संभालेंगे। भारत के वेस्टइंडीज दौरे की शुरुआत 12 जुलाई से होने जा रही है।