पिछले 24 साल से अपने खेल से प्रशंसकों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने वाले सचिन तेंदुलकर बुधवार से कोलकाता के ईडन गार्डंस पर करियर का अपना 199वां टेस्ट मैच खेलने उतरेंगे।
वेस्ट इंडीज के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज का यह पहला मैच ईडन पर सचिन का आखिरी मैच होगा। सीरीज का दूसरा मैच मुंबई में खेला जाएगा जिसके बाद सचिन अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय कैरियर को अलविदा कह देंगे।
कहने को तो यह दो देशों के बीच खेली जाने वाली एक टेस्ट सीरीज है। लेकिन यह सिर्फ और सिर्फ मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर तक सिमटकर रह गई है।
चाहे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हों या फिर वेस्टइंडीज के कप्तान डेरेन सैमी, दोनों ही बातें जीत की कर रहे हैं लेकिन दोनों अंदर ही अंदर मान रहे हैं सचिन इस सीरीज के परिणाम पर भारी पड़ चुके हैं।
सचिन का गलत नाम लिखवाने पर बवाल
इधर सचिन पुराणगाथा में लगे क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) की कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने जमकर पोल खोल दी।
स्कोर बोर्ड स्क्रीन के ऊपर सचिन के 199वें टेस्ट मैच पर उन्हें बधाई देने के लिए लगाए गए होर्डिंग में सचिन के नाम की स्पेलिंग गलत लिख दी गई। इस पर दो दिनों तक किसी की नजर नहीं गई।
खुद कप्तान धोनी ने मंगलवार की दोपहर इसका खुलासा करते हुए कहा, पहले यह बताओ कि सचिन के नाम की स्पेलिंग किसने गलत लिखी है?
इसके बाद तो मानों हंगामा मच गया। कैब के संयुक्त सचिव सुबीर गांगुली ने होर्डिंग लगाने का ठेका लेने वाली चेन्नई की कंपनी को तलब कर लिया। अंत में उन्होंने इस कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। खुद कैब ने इस चूक केलिए माफी मांगी।
मामला यहां तक बढ़ गया कि सुबीर गांगुली को अंत में प्रेस वार्ता बुलानी पड़ी। बाद में इस होर्डिंग को वहां से हटाने का काम शुरू कर दिया गया।