भारतीय क्रिकेट टीम के नए जर्सी पार्टनर एडिडास ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया की नई जर्सी जारी कर दी है। भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों ने नई जर्सी के साथ फोटोशूट कराया। बीसीसीआई ने इसका वीडियो भी शेयर किया है। वहीं, कई खिलाड़ियों ने भी नई जर्सी के साथ फोटो शेयर की है। भारतीय टीम इस नई जर्सी में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैच खेलेगी और आने वाले समय में ऑस्ट्रेलिया के साथ सीरीज और एशियन गेम्स में भी यही जर्सी नजर आ सकती है।
भारतीय टीम की नई जर्सी का पैटर्न टेस्ट टीम की जर्सी के समान है। हल्के नीले रंग की जर्सी में गहरे नीले रंग की कुछ धारियां हैं। साथ ही बाईं तरफ बीसीसीआई का लोगो है, जिसके ऊपर तीन सितारे हैं। टीम के स्पॉन्सर ड्रीम 11 का नाम भी जर्सी में सामने की तरफ है। वहीं, एडिडास का लोगो सीने में दाईं तरफ है। कंधे में दोनों तरफ सफेद रंग की तीन पट्टियां हैं। कॉलर और बाह में किनारे भगवा रंग के हैं।
टेस्ट टीम की तुलना में भारत की वनडे टीम काफी अलग है। दोनों टीमों के कप्तान रोहित हैं, लेकिन वनडे में ऋतुराज गायकवाड़ और सूर्कुमार यादव टीम का हिस्सा हैं। रहाणे की जगह हार्दिक पांड्या टीम के उपकप्तान हैं। संजू सैमसन भी विकेटकीपर के रूप में टीम का हिस्सा हैं। गेंदबाजी में कुलदीप यादव, युजवेन्द्र चहल और उमरान मलिक नया चेहरा हैं।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का शेड्यूल
पहला वनडेः 27 जुलाई, केंसिंग्टन ओवल, बारबाडोज
दूसरा वनडेः 29 जुलाई, केंसिंग्टन ओवल, बारबाडोज
तीसरा वनडेः 01 अगस्त, ब्रायन लारा स्टेडियम, त्रिनिदाद
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम
शाई होप (कप्तान), रोवमन पॉवेल (उप कप्तान), एलि क अथानाजे, यानिक कैरियाह, कीसी कार्टी, डोमिनिक ड्रेक्स, शिमरोन हेटमायर, अल्जारी जोसेफ, ब्रैंडन किंग, काइल मेयर्स, गुडाकेश मोती, जेडन सील्स, रोमारियो शेफर्ड, केविन सिंक्लेयर, ओशेन थॉमस।
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, ऋतुराज गायकवाड़, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), शार्दुल ठाकुर, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, जयदेव उनादकट, मोहम्मद सिराज, उमरान मलिक, मुकेश कुमार।