टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली तीसरे टेस्ट से पहले जोहान्सबर्ग में मीडिया के सामने आए और उनके सवालों के जवाब दिए। इस बार बेहद शांत दिखाई दिए और सभी सवालों के जवाब बड़े ही तसल्ली से देते हुए नजर आए।
कोहली से जब पूछा गया कि क्या
टीम इंडिया इस टेस्ट में बिना स्पिनर के उतरने वाली है तो उनका कहना था कि कुछ भी हो सकता है। पिच पर काफी घास है, जिसे देखते हुए हम इस पर विचार कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरे पर हमारे गेंदबाजों ने काफी बेहतर प्रदर्शन किया है और दोनों टेस्ट में 20 विकेट लिए हैं। बहुत कम बार ऐसा देखा गया है कि विदेशी दौरे पर हमारे गेंदबाजों ने हर मैच में विरोधी टीम के सभी 20 विकेट लिए हों। इस दौरे पर हमें पता चल चुका है कि सामने वाली टीम के बल्लेबाजों को कैसे आउट करना है।
खराब बल्लेबाजी पर कोहली ने कहा कि हम अपनी गलतियों से सबक लेंगे। उन्होंने कहा, 'मैंने सीरीज से पहले कहा था कि जो भी टीम अच्छी बल्लेबाजी करेगी वह सीरीज जीतेगी और अब तक ऐसा ही हुआ है।'
कोहली ने इस दौरे को कड़ा सबक बताते हुए कहा हम कोशिश करेंगे कि जो गलतियां हमने इस सीरीज में की है, उसे इस मैच में न दोहराएं। उन्होंने कहा कि हर मैच से हम कुछ न कुछ सीखते हैं और इसी तरह एक बेहतर खिलाड़ी बना जाता है।