इस साल के अंत में
टीम इंडिया को बॉर्डर- गावस्कर ट्रॉफी खेलने के लिए
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना है और वहां पर चार टेस्ट मैचों की एक सीरीज खेलना है। पर हर बार की तरह इस बार यह सीरीज थोड़ा अलग हो सकती है। सूत्रों की माने तो इस बार टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया में पिंक बॉल से अपना पहला डे-नाइट टेस्ट खेल सकती है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने
बीसीसीआई को पत्र लिखकर पूछा है कि क्या टीम इंडिया अपने इस दौरे पर डे-नाइट टेस्ट खेलने के लिए तैयार है? हालांकि अभी तक बीसीसीआई ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया है।
गौरतलब है कि क्रिकेट इतिहास का सबसे पहला डे-नाइट टेस्ट 2015 में ऑस्ट्रेलिया और
न्यूजीलैंड के बीच एडिलेट में खेला गया था। इसके बाद इंग्लैंड और यूएई में भी डे-नाइट टेस्ट खेले जा चुके हैं और अब न्यूजीलैंड में भी इस तरह का मैच आयोजित करने वाला है। न्यूजीलैंड और
इंग्लैंड के बीच अगले महीने एक डे-नाइट टेस्ट ऑकलैंड में खेला जाएगा।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने कहा कि टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया में डे-नाइट टेस्ट खेलने से पहले भारत में इस तरह का मैच खेलना चाहिए ताकि हमारे खिलाड़ियों को इसका कुछ अनुभव हो सके।