स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के लिए 2022 उनके करियर को बदलने वाला साल रहा है। उन्होंने फिटनेस, गेंदबाजी और मैच फिनिश करने की क्षमता के साथ-साथ कप्तानी कौशल को दिखाया। गुजरात टाइटंस को पहले ही साल में चैंपियन बनाने वाले हार्दिक टीम इंडिया के अहम सदस्य हैं। उन्हें पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज के लिए चुना गया और फिर आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए कप्तान बना दिया गया। अब भारत के पूर्व ओपनर वसीम जाफर ने उनके कद को बढ़ाने की मांग की है।
वसीम जाफर को लगता है कि चयनकर्ताओं ने उन्हें कप्तान के रूप में चुनकर सही किया। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा की अनुपस्थिति में भारतीय टीम की कप्तानी के लिए सही दावेदार हार्दिक हैं। हार्दिक को कप्तान बनाए जाने के बारे में ईएसपीएन क्रिकइन्फो पर जाफर ने कहा, "मुझे लगता है कि वह इसके हकदार हैं। भारतीय चयनकर्ताओं को उन्हें सफेद गेंद वाले क्रिकेट में बतौर कप्तान गंभीरता से देखना चाहिए। खासकर अगर रोहित उपलब्ध नहीं हैं तो मुझे लगता है कि हार्दिक को जिम्मेदारी सौंपनी चाहिए।''
जाफर ने आगे कहा, "मेरी राय में जिस तरह से उन्होंने आईपीएल में नेतृत्व किया और खुद प्रदर्शन किया उससे लगता है कि वह अपने काम को पसंद कर रहा है। वह रोहित शर्मा के बाद मेरी नंबर एक पसंद है। अगर रोहित खेल रहा है, तो मैं चाहूंगा कि हार्दिक पांड्या उप-कप्तान बने।''
हार्दिक पांड्या को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैचों की सीरीज के लिए टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया है। हार्दिक टी-20 में भारत के नौवें कप्तान होंगे। उनसे पहले वीरेंद्र सहवाग, एमएस धोनी, सुरेश रैना, अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली, रोहित शर्मा, शिखर धवन और ऋषभ पंत कप्तानी कर चुके हैं। 145 दिन पहले हार्दिक की आलोचना हो रही थी। वह टीम इंडिया के सदस्य नहीं थे। अब उन्हें कप्तान बनाया गया है।