पुलवामा में आतंकी हमलों में भारत के 40 जवानों के शहीद होने के बाद पाकिस्तान के साथ इंग्लैंड में क्रिकेट विश्व कप मैच में न खेलने की उठ रही आवाजों के बीच पूर्व लेफ्ट आर्म स्पिनर मनिंदर सिंह ने कहा, 'आंतक और खेल साथ साथ नहीं चल सकते हैं। मैं देश को लेकर बहुत भावुक हूं। वे (पाकिस्तानी) हमारे जवानों को मारते रहे और हम उनके साथ क्रिकेट खेले, यह नहीं चल सकता है।'
भारत में क्रिकेट को चला रही प्रशासकों की समिति (सीओए) ने शुक्रवार को बैठक के बाद यह ठीक ही कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ 16 जून को इंग्लैंड में खेले जाने वाले विश्व कप मैच में खेलने की बाबत उसने कोई फैसला नहीं लिया है और उसकी इस बाबत सरकार से बात चल रही हैं। इस बाबत यही होना था और यह सही भी है। इस सूरते हाल में क्रिकेट या खेल के मैदान पर कहीं भी पाकिस्तान के खिलाफ खेलने की बाबत अंतिम फैसला तो भारत सरकार को ही करना है। सीओए का रुख सही और उम्मीदों के मुताबिक है।
मनिंदर ने कहा, 'साथ ही बीसीसीआई का इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2019 के 23 मार्च को होने वाले उदघाटन समारोह को न आयोजित कर इस पर खर्च होने वाली राशि को पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों के परिवारों में बांटने का फैसला स्वागत योग्य है। दरअसल भारतीय क्रिकेट टीम या कोई भी टीम किस देश के खिलाफ खेलेगी या किसके खिलाफ नहीं इस बाबत अंतिम फैसला सरकार का ही होता है।'