टी20 विश्व कप के बाद पहली बार टीम इंडिया किसी बड़े मुकाबले (चैंपियंस ट्रॉफी) में खेलने जा रही है।
इस टीम की कमान बेशक धोनी के हाथों में है लेकिन उनकी टीम लगभग नई है। इंग्लैंड में होने वाले चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की तरफ से इस बार सहवाग, गंभीर, युवराज और हरभजन जैसे खिलाड़ी नहीं हैं।
टीम के विस्फोटक ओपनर सहवाग और हरभजन को संभावितों में जगह नहीं मिली तो गंभीर और युवराज अपने मौजूदा फॉर्म की वजह से अंतिम 15 में जगह नहीं बना पाए।
इन सभी खिलाड़ियों का चयन का आधार क्या रहा? इस पर एक नजर---
गंभीर की जगह शिखर धवन
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पदार्पण टेस्ट में 187 रन की धमाकेदार पारी खेलने वाले दिल्ली के बल्लेबाज शिखर धवन को टीम में गौतम गंभीर की जगह चुना गया है। धवन ने आईपीएल की तीन पारियों में दो बार नाबाद (63 और 73) रहते हुए 136 रन बनाकर अपना दावा मजबूत किया। जबकि गंभीर के नाम इस सीजन में अब तक 11 मैचों से केवल 320 रन हैं। यही नहीं गंभीर की टीम केकेआर इस टूर्नामेंट में संघर्ष भी कर रही है। इसीलिए चयनकर्ताओं ने गंभीर की जगह धवन पर भरोसा जताया।
युवराज की जगह दिनेश कार्तिक
कैंसर से उबरने के बाद युवराज सिंह ने पाकिस्तान और इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू वनडे मैचों में वापसी की थी। इस दौरान युवी ने 8 मैचों में केवल एक बार अर्धशतक (61) बनाया। इसके अलावा युवी संघर्ष ही करते रहे। आईपीएल में भी युवी और उनकी टीम दोनों संघर्ष कर रहे हैं। जबकि मध्यक्रम में खेलने वाले दिनेश कार्तिक आईपीएल के इस सीजन में धमाकेदार पारियां खेल रहे हैं। कार्तिक ने अपनी टीम मुंबई इंडियंस को कई मैचों में जीत में अहम भूमिका निभाते हुए 10 मैचों में 331 रन बनाए हैं।
सहवाग की जगह मुरली विजय
वीरेंद्र सहवाग को संभावितों में भी नहीं रखा गया। इसके पीछे सहवाग का आउट आफ फार्म होने के साथ-साथ मुरली विजय का फॉर्म में होना माना जा रहा है। मुरली विजय ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था। टेस्ट सीरीज में ने लगातार दो टेस्ट में 150 रनों से उपर पारी खेल सहवाग का रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया।