फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

U-19 टीम इंडिया की बादशाहत बरकरार, बांग्लादेश को रौंदकर सातवीं बार बने एशिया के सिकंदर

Sat, 14 Sep 2019 07:10 PM IST
अंशुल तलमले स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
एशिया कप जीतने के बाद अंडर-19 टीम इंडिया - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

बांग्लदेश को हराते हुए अंडर-19 भारतीय क्रिकेट टीम ने सातवीं बार एशिया कप पर कब्जा जमाया। श्रीलंका के कोलंबो में खेले गए इस टूर्नामेंट के फाइनल में एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिला, जहां भारत ने बांग्लादेश को एक लो स्कोरिंग मैच में पटका।

विज्ञापन


बाएं हाथ के स्पिनर अथर्व अंकोलेकर के पांच विकेट के बूते भारत ने इस एकदिवसीय मुकाबले में बांग्लादेश को पांच रन से हराकर खिताब पर कब्जा किया। मैच में अंकोलेकर के अलावा आकाश सिंह ने भी शानदार गेंदबाजी की और 12 रन देकर तीन विकेट लिए। सुशांत मिश्रा और विद्याधर पाटिल को एक-एक विकेट मिला।

भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 32.4 ओवर में महज 106 रन पर आउट हो गई, लेकिन 18 साल के अंकोलेकर ने 8 ओवर में 28 रन देकर पांच विकेट चटकाकर बांग्लादेश की पारी को 33 ओवर में 101 रन पर समेट दिया। जीत के लिए 107 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे बांग्लादेश की खराब शुरुआत के बाद कप्तान अकबर अली (23) और मृत्युंजय चौधरी ने (21) उम्मीदें बनाई, लेकिन दोनों जल्दी पविलियन लौट गए।
विज्ञापन


इसके बाद तंजिम हसन शाकिब (12) और रकिबुल हसन (नाबाद 11) ने 9वें विकेट के लिए 23 रन जोड़कर एक बार फिर भारत को परेशानी में डाल दिया, लेकिन अंकोलेकर ने चार गेंद के अंदर आखिरी के दोनों विकेट चटकाकर भारत को जीत दिला दी। भारत के लिए कप्तान ध्रुव जुरेल (33) और निचले क्रम के बल्लेबाज करण लाल (37) ही बल्ले से योगदान दे सके।

भारत ने की थी खराब शुरुआत

इससे पहले टॉस जीत कर भारतीय टीम के लिए बल्लेबाजी करने का फैसला गलत साबित हुआ। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज चौधरी (18 रन देकर तीन विकेट) और आफ स्पिनर शमीम हुसैन (आठ रन देकर तीन विकट) ने भारतीय बल्लेबाजों को क्रीज पर टिकने नहीं दिया। छठे ओवर की पहली गेंद तक भारत के तीन बल्लेबाज पविलियन लौट गए थे, जबकि स्कोर बोर्ड पर सिर्फ 8 रन टंगे थे।

इसके बाद कप्तान जुरेल और शाश्वत रावत (19) ने टीम के स्कोर को 50 के पार पहुंचाया। लेकिन रावत के आउट होते ही भारतीय पारी एक बार फिर लड़खड़ा गई और टीम ने 84 रन पर 9वां विकेट गंवा दिया। करण ने आखिरी विकेट के लिए आकाश सिंह (नाबाद दो) के साथ 22 रन की साझेदारी कर टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। वह आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे।

 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें