प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कोच और कप्तान दोनों ने विश्व कप को लेकर तमाम बाते कहीं। इस दौरान में कहा कि ये उनके लिए सबसे चैलेंजिंग विश्व कप होगा। कोई भी टीम उलटफेर कर सकती है। इसके अलावा कोच-कप्तान दोनों ने कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल को गेंदबाजी यूनिट का पिलर बताया। वहीं, विराट ने कहा कि पहले ही मैच में जीत का जज्बा बनाए रखना होगा। टीम के सभी खिलाड़ी अच्छे फॉर्म में हैं।
वहीं, कोच रवि शास्त्री ने कहा, 'अगर हम अपनी क्षमताओं पर खेले, तो हम वर्ल्ड कप वापस ला सकते हैं। यह बेहद प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट है और यहां बांग्लादेश और अफगानिस्तान 2015 की अपेक्षा अब बहुत मजबूत हैं।' साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यह एक मुश्किल टूर्नामेंट है, लेकिन लीग स्टेज में 9 मैच खेलने से टीम को लय पाने का मौका मिलेगा।
बता दें कि भारत को अपना पहला मैच 5 जून को खेलना है। इससे पहले भारत को दो प्रैक्टिस मैच भी खेलने हैं। 25 मई को भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ और 28 मई को बांग्लादेश के खिलाफ प्रैक्टिस मैच खेलना होगा।
इस विश्व कप में कुल मिलाकर 46 दिन में 48 मैच खेले जाएंगे। इनमें सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले शामिल हैं। कुल 10 टीमें इस विश्वकप का हिस्सा बनेंगी और इसमें अफगानिस्तान भी शुमार है।
वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप-कप्तान), शिखर धवन, लोकेश राहुल, महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), विजय शंकर, केदार जाधव, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पंड्या, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद शमी।