वीडियो में हॉन्गकॉन्ग के कप्तान निजाकत खान और एहसान खान भारतीय खिलाड़ियों के साथ हंसी मजाक करते दिखे। इस दौरान निजाकत ने रोहित शर्मा से जर्सी पर ऑटोग्राफ भी लिया। साथ ही सूर्यकुमार से बल्ले पर साइन करवाया। निजाकत ने सूर्यकुमार के साथ फोटो भी खिंचवाई। हॉन्गकॉन्ग के खिलाड़ियों ने दिनेश कार्तिक और हार्दिक पांड्या के साथ भी तस्वीरें लीं।
हॉन्गकॉन्ग के दिग्गज स्पिनर एहसान खान ने विराट कोहली से जर्सी पर ऑटोग्राफ लिया। इस दौरान उन्होंने कोहली से बातचीत भी की। ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा भी हॉन्गकॉन्ग के खिलाड़ियों को टिप्स देते दिखे। वहीं, कई खिलाड़ियों ने राहुल द्रविड़ से भी गुरुमंत्र लिया। भुवनेश्वर कुमार ने भी हॉन्गकॉन्ग के युवा तेज गेंदबाजों को टिप्स दिए। वहीं, विराट कोहली ने निजाकत को उनके टी-शर्ट पर ऑटोग्राफ दिया।
आखिर में रोहित और विराट एकसाथ एहसान खान के साथ तस्वीर खिंचवाते दिखे। इस वीडियो को लोग खूब पसंद भी कर रहे हैं। हॉन्गकॉन्ग की टीम ने भारत के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने सूर्यकुमार यादव के क्रीज पर आने तक भारतीय बल्लेबाजों पर लगाम लगाए रखा था। वहीं, बल्लेबाजी में भी टीम के कई खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। भारत के 192 रन के जवाब में हॉन्गकॉन्ग की टीम 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 152 रन बना सकी।
हॉन्गकॉन्ग को अब शुक्रवार को पाकिस्तान के खिलाफ नॉकआउट मैच खेलना है। इस मैच में जीतने वाली टीम सुपर-4 के लिए क्वालिफाई करेगी। वहीं, हारने वाली टीम एशिया कप से बाहर हो जाएगी। ग्रुप-ए से भारत पहले ही सुपर-4 में पहुंच चुका है। वहीं, ग्रुप-बी से अफगानिस्तान की टीम ने सुपर-4 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। सुपर-4 में चारों टीमें एक-एक बार एकदूसरे से भिड़ेंगी। टॉप-2 स्थान पर रहने वाली टीम फाइनल में पहुंचेगी।