इंग्लैंड के खिलाफ इस महीने शुरू हो रही वन-डे और टी-20 सीरीज के लिए न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान रोस टेलर को एक बार फिर से टीम में शामिल कर लिया गया है। श्रीलंकाई दौरे पर टीम के खराब प्रदर्शन के बाद टेलर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले महीने खत्म हुए दौरे के लिए कोच माइक हेसन ने टीम से बाहर कर दिया था।
28 वर्षीय टेलर ने इसके बाद घरेलू क्रिकेट में खुद को साबित करते हुए एक बार फिर से टीम में वापसी की। टेलर की वापसी के बाद कोच हेसन ने कहा, ‘रोस एक बेहतरीन बल्लेबाज होने के साथ ही टीम के सबसे अहम खिलाड़ी हैं।’
टीम में एकमात्र नया चेहरा ओटैगो के ओपनिंग बल्लेबाज हामिश रदरफोर्ड हैं जिन्हें पहली बार टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड की टीम दौरे की शुरुआत चार फरवरी को न्यूजीलैंड इलेवन के खिलाफ टी-20 मैच से करेगी।
टीम के मुख्य चयनकर्ता किम लिटिलजन ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ टीम में चोटिल खिलाड़ियों के कारण कुछ बदलाव किए गए हैं लेकिन मुख्य तौर पर हमने आगामी सीरीज के लिए टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि हम टीम में युवा खिलाड़ियों को तैयार करने और ऑलराउंडरों को ढूंढने पर जोर दे रहे हैं ताकि जून में होने ज रही चैंपियंस ट्रॉफी तथा वर्ष 2015 विश्वकप के लिए टीम को मजबूती दी जा सके। न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज 9 फरवरी से ऑकलैंड में खेली जाएगी।