फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिना स्कोर के ही गिर गए 3 विकेट, फिर भी जीत गया बांग्लादेश

Mon, 27 Oct 2014 06:04 PM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
फिरकी गेंदबाज तैजुल इस्लाम के रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के दम पर बांग्लादेश ने पहले टेस्ट मैच में जिम्बाब्वे को 3 विकेट से हरा दिया।
विज्ञापन


मीरपुर के शेरे बांगला नेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। मैच के तीसरे दिन कुल 17 विकेट गिरे जिस कारण 5 दिवसीय मैच 3 दिन में ही खत्म हो गया।

तीसरे दिन जिम्बाब्वे ने अपने कल के स्कोर बिना किसी नुकसान के 5 रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन जल्द ही तैजुल इस्लाम का जलवा दिखने लगा और एक के बाद एक करके विकेट झटकते चले गए। तैजुल के झटकों के आगे जिम्बाब्वे की पूरी टीम सिर्फ 114 रन बनाकर आउट हो गई। मेहमान टीम के कप्तान ब्रेंडन टेलर ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए और अंत तक नाबाद रहे।
विज्ञापन


22 साल के तैजुल ने बांग्लादेश के लिए टेस्ट क्रिकेट अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उन्होंने 39 रन देकर 8 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। वह बांग्लादेश के पहले ऐसे गेंदबाज बन गए हैं जिन्होंने किसी टेस्ट मैच की एक पारी में 8 विकेट झटके हों। उन्हें उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

जिम्बाब्वे ने मेजबान बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 101 रनों का लक्ष्य रखा। इससे पहले जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 240 रन बनाए थे जिसके जवाब में बांग्ला टीम सिर्फ 14 रनों की बढ़त हासिल कर सकी और 254 रनों पर आउट हो गई। मीडियम पेसर तिनाशी पयानगरा ने मेजबान टीम के 5 विकेट झटके थे।

आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्ला टीम के सामने लक्ष्य का पीछा करने में दिक्कतें आने लगी और शुरू के 3 विकेट तो टीम का खाता खोले बगैर ही गिर गए। इसके बाद महमुदुल्लाह (28) और शाकिब अल हसन (15) ने चौथे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी कर टीम को कुछ राहत जरूर दी।

लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद टीम एक बार फिर लड़खड़ाने लगी और 82 रन पर अपने 7 विकेट गंवा दिए। हालांकि कप्तान मुशफिकर रहीम (नाबाद 23) ने रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन करने वाले तैजुल इस्लाम (नाबाद 15) के साथ आठवें विकेट के लिए अविजित 17 रनों की साझेदारी कर टीम को रोमांचक जीत दिला दी। एल्टन चिगुंबुरा ने 21 रन देकर बांग्ला टीम के 4 विकेट झटककर उसकी कमर तोड़ दी थी, लेकिन टीम इसे जीत में बदल नहीं सकी।
विज्ञापन


बांग्लादेश की टेस्ट क्रिकेट में उसके 86 मैचों में यह उसकी पांचवीं और घर में दूसरी जीत है। उसने अपने घर में इससे पहले 2005 में चिटगांव में जिम्बाब्वे को ही 226 रनों के बड़े अंतर से हराया था।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें