पाकिस्तान ने टी20 त्रिकोणीय सीरीज के छठे मैच में बांग्लादेश को सात विकेट से हरा दिया। चार मैचों में उसकी यह तीसरी जीत है। वह छह अंकों के साथ फाइनल में पहुंच गया है। वहां उसका मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। कीवी टीम चार में से तीन मैच जीतकर अंक तालिका में शीर्ष पर है। वह नेट रनरेट के मामले में पाकिस्तान से आगे रहा। बांग्लादेश की यह चौथी हार है। वह बिना किसी अंक के सीरीज से बाहर हो गया।
गुरुवार (13 अक्तूबर) को क्राइस्टचर्च में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने 20 ओवर में छह विकेट पर 173 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम ने 19.5 ओवर में तीन विकेट पर 177 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया। उसके लिए मोहम्मद रिजवान और कप्तान बाबर आजम ने एक बार फिर से धमाकेदार बल्लेबाजी की। दोनों ने आठवीं बार टी20 में शतकीय साझेदारी की।
रिजवान और बाबर का अर्धशतक
रिजवान और बाबर ने पहले विकेट के लिए 12.3 ओवर में 101 रनों की साझेदारी की। बाबर 40 गेंद पर 55 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके लगाए। हैदर अली खाता नहीं खोल सके। दोनों को हसन महमूद को आउट किया। इसके बाद रिजवान और मोहम्मद नवाज ने टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी की। रिजवान 56 गेंद पर 69 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने चार चौके लगाए। नवाज ने 20 गेंद पर नाबाद 45 रन बनाए। आसिफ अली दो गेंद पर दो रन बनाकर नाबाद रहे।
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: ऑस्ट्रेलिया गए भारत के कितने खिलाड़ी खेल चुके हैं टी20 वर्ल्ड कप, किसके पास सबसे ज्यादा अनुभव?
शाकिब और लिटन ने खेली तूफानी पारी
इससे पहले बांग्लादेश के लिए सिर्फ चार बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए। लिटन दास ने 42 गेंद पर 69 रन बनाए। उन्होंने छह चौके और दो छक्के लगाए। कप्तान शाकिब अल हसन ने 42 गेंद पर 68 रन बनाए। शाकिब के बल्ले से सात चौके और तीन छक्के निकले। नजमूल हुसैन शांटो ने 12 और आफिफ हुसैन ने 11 रन बनाए। सौम्य सरकार ने चार और यासिर अली ने एक रन बनाए। नूरुल हसन ने नाबाद दो और सैफुद्दीन ने नाबाद एक रन बनाए।
बाबर ने हासिल की यह उपलब्धि
बाबर आजम ने एक और खास उपलब्धि अपने नाम की है। उन्होंने विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। बाबर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 11 हजार रन भी पूरे कर लिए। वह पाकिस्तान के 11वें बल्लेबाज हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। बाबर से पहले इंजमाम-उल-हक, यूनिस खान, मोहम्मद यूसुफ, जावेद मियांदाद, सलीम मलिक, सईद अनवर, मोहम्मद हफीज, शोएब मलिक, शाहिद अफरीदी और मिस्बाह-उल-हक पाकिस्तान के लिए 11 हजार से ज्यादा रन बना चुके हैं।
इस मैच से पहले बाबर आजम को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 11 हजार रन पूरे करने के लिए 53 रन की जरूरत थी और उन्होंने 37 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, इसके बाद ही वह हसन महमूद की गेंद पर आउट हो गए।
ये भी पढ़ें: IND vs WA: वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 36 रन से हराया, केएल राहुल को छोड़ सभी बल्लेबाज फेल
बाबर ने विराट को पीछे छोड़ा
बाबर आजम ने इस मैच में अपने 11 हजार अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने के साथ ही विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया। बाबर ने सिर्फ 251 पारियों में अपने 11 हजार अंतरराष्ट्रीय रन पूरे कर लिए हैं, जबकि विराट ने इसके लिए 261 पारियां ली थीं। बाबर आजम टेस्ट में 3122 रन, वनडे में 4664 रन और टी20 में 3216 रन बना चुके हैं।