भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर का मानना है कि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत भारतीय टीम के मध्यक्रम में फिट नहीं बैठते हैं। जाफर ने कहा है कि टी20 मैचों के दौरान मध्यक्रम में पंत का प्रदर्शन ठीक नहीं है, इसलिए दिनेश कार्तिक को उनकी जगह खेलना चाहिए। भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज खेली। अफ्रीकी टीम के खिलाफ वह वनडे सीरीज भी खेलेगी।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला मोहाली में खेला जाएगा। ईएसपीएन क्रिकइंफो से बात करते हुए जाफर ने कहा कि वह प्लेइंग-11 में अक्षर पटेल और दिनेश कार्तिक को टीम में देखना चाहेंगे। जाफर ने कहा, ''मुझे ऐसा लगता है कि अक्षर पटेल ने हाल के समय में शानदार प्रदर्शन कर दिया है। मुझे यह समझ नहीं आता कि टीम इंडिया उनके ऊपर भरोसा क्यों नहीं कर पा रही है। उन्होंने बल्ले से मैच जिताए हैं।''
ऋषभ पंत के बारे में विस्तार से पूछे जाने पर जाफर ने कहा कि यह कुछ ऐसा है जिस पर थिंक टैंक ने बहुत विचार किया है। उन्होंने कहा, ''भारत को यह पता लगाने की जरूरत है कि ऋषभ पंत खेलते हैं या नहीं। भारतीय थिंकटैंक ऋषभ पंत को शामिल करने के बारे में बहुत सोच रहा है। वह शानदार रहे हैं और हमने इसके बारे में कई बार बात की है। टेस्ट क्रिकेट में और एकदिवसीय मैचों में उसने सीरीज जीतने वाली और खेल बदलने वाली पारियां खेली हैं, लेकिन ऐसा टी20 में नहीं हुआ है।"
जाफर ने आगे कहा, "भारत को यह पता लगाने की जरूरत है कि क्या वे शीर्ष छह में ऋषभ पंत के साथ रहना चाहते हैं या वे दिनेश कार्तिक को खेलना चाहते हैं, जिन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग के बाद से वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है। मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से ऋषभ पंत चौथे या पांचवें क्रम पर फिट नहीं है। उनकी सबसे अच्छी जगह ओपनिंग है। हालांकि, मुझे लगता है कि ऐसा नहीं होगा। मुझे लगता है कि वर्ल्ड कप में ऋषभ पंत को बाहर करना सबसे अच्छी बात होगी।''