पाकिस्तान टीम का सफर टी20 विश्व कप में समाप्त हो गया है। लेकिन उसके लिए मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है। रिपोर्ट के अनुसार, श्रीलंका में पाकिस्तान टीम के एक खिलाड़ी ने होटल की एक महिला कर्मचारी के साथ बदतमीजी की है जिसे लेकर विवाद बढ़ गया था।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम का टी20 विश्व कप में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन रहा था। टीम सुपर-8 से आगे नहीं जा सकी। विश्व कप से बाहर होने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम स्वदेश लौट चुकी है। इसी बीच एक ऐसी खबर आई है जिसने मैदान पर लगातार शर्मनाक प्रदर्शन कर रही पाकिस्तान क्रिकेट टीम की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाया है। समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका के कैंडी में एक होटल में रहने के दौरान एक पाकिस्तानी खिलाड़ी ने महिला स्टाफ के साथ बदतमीजी की। घटना के बाद टीम मैनेजर ने खिलाड़ी पर जुर्माना लगाया। यह घटना मेजबान श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान के आखिरी सुपर 8 मैच से पहले हुई थी।
विज्ञापन
टीम के मैनेजर ने मांगी माफी
रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान के आखिरी सुपर 8 मैच से पहले, पाकिस्तान विश्व कप टीम के एक खिलाड़ी ने एक महिला हाउसकीपिंग स्टाफ के साथ बदतमीजी की। स्टाफ ने मदद के लिए आवाज लगाई। होटल के दूसरे स्टाफ ने महिला स्टाफ की रक्षा की और मामले की जानकारी पाकिस्तान टीम के मैनेजर नवेद चीमा को दी। होटल का शीर्ष प्रबंधन चाहता था कि इस मामले को सख्ती से निपटा जाए, लेकिन चीमा ने खिलाड़ी की तरफ से माफी मांगी और उस पर गलत व्यवहार के लिए जुर्माना लगाया।
पीसीबी के सामने हो सकती है पेशी
आरोपी खिलाड़ी के पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) की आचार समिति के सामने भी पेश होने की संभावना है और उसे सजा मिल सकती है। पाकिस्तानी खिलाड़ियों और बैकरूम स्टाफ का टूर पर गलत व्यवहार का इतिहास रहा है। युवा बल्लेबाज हैदर अली को पिछले साल मैनचेस्टर पुलिस ने पाकिस्तान शाहीन के इंग्लैंड दौरे पर एक लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया था। हैदर कोर्ट में पेश हुए थे, लेकिन सबूतों के अभाव में उन्हें रिहा कर दिया गया था। आने वाले दिनों में इस मामले में अधिक जानकारी मिल सकती है।