पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने से दो दिन पहले टीम में बदलाव किया है। उसने चोटिल लेग स्पिनर उस्मान कादिर को मुख्य टीम से स्टैंडबाय खिलाड़ियों की सूची में डाल दिया है। कादिर के स्थान पर धाकड़ बल्लेबाज फखर जमां को टीम में शामिल किया गया है। फखर स्टैंडबाय खिलाड़ियों की लिस्ट में थे। पाकिस्तान की टीम टी20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत 23 अक्तूबर को भारत के खिलाफ मेलबर्न में करेगी।
पीसीबी ने कहा कि बदलाव किया जाना था क्योंकि कादिर अभी तक अपने दाहिने अंगूठे पर एक हेयरलाइन फ्रैक्चर से उबर नहीं पाए हैं। कादिर को यह चोट पिछले महीने कराची में इंग्लैंड के खिलाफ टी20 मैच के दौरान लगी थी। वह 22 अक्तूबर से पहले चयन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। फखर की बात करें तो वह लंदन से ब्रिस्बेन शाहीन अफरीदी के साथ शनिवार को पहुंचेंगे।
फखर इंग्लैंड और अफगानिस्तान के खिलाफ अभ्यास मैचों के लिए उपलब्ध होंगे, इस दौरान टीम प्रबंधन उनकी फिटनेस का आकलन करेगा। 32 साल के इस बल्लेबाज के टीम में शामिल होने से पाकिस्तान को मध्यक्रम में एक और विकल्प मिलेगा।
ये भी पढ़ें: T20 WC 2022: टी20 विश्व कप में विराट के अलावा कोई नहीं कर पाया यह कारनामा, तीसरे विश्व कप में ही रचा था इतिहास
पाकिस्तान टीम: बाबर आजम (कप्तान), शादाब खान, आसिफ अली, फखर जमां, हैदर अली, हारिस रउफ, इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद रिजवान, मोहम्मद वसीम जूनियर, नसीम शाह, शाहीन शाह अफरीदी और शान मसूद।
बांग्लादेश ने भी किया बदलाव
बांग्लादेश ने भी टीम में बदलाव किया है। उसने सौम्य सरकार और शोरिफुल इस्लाम को अपनी 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने अपने बयान में कहा, "बाएं हाथ की बल्लेबाज सौम्या सरकार और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम वर्ल्ड कप टीम में चुने गए हैं। उन्होंने बल्लेबाज सब्बीर रहमान और ऑलराउंडर सैफुद्दीन की जगह ली है।''
ये भी पढ़ें: T20 WC 2022: आईसीसी की नई पहल, अपने पसंदीदा क्रिकेटर्स से मिलेंगे 640 बच्चे, सीखेंगे लैंगिक समानता का पाठ
बांग्लादेश की टीम: शाकिब अल हसन (कप्तान), नजमुल हुसैन शान्तो, सौम्य सरकार, लिटन दास, आफिफ हुसैन, यासिर अली चौधरी, मोसादेक हुसैन सैकत, नूरुल हसन सोहन (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज, तस्कीन अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, हसन महमूद, शोरिफुल इस्लाम, नसुम अहमद, एबादत हुसैन।