भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान पर जीत के बाद कहा कि ये जीत भारत के लिए है। भारत ने रविवार को कोलंबो में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान को 61 रनों से हराकर सुपर आठ चरण के लिए क्वालिफाई किया। भारत ने इस तरह विश्व कप में जीत की हैट्रिक लगाई और पाकिस्तान को चारों खाने चित्त करने में सफल रहा। भारत का सामना अब ग्रुप चरण के अंतिम मैच में नीदरलैंड से 18 फरवरी को होगा।
ईशान और गेंदबाजों के दम पर जीता भारत
भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने ईशान किशन के अर्धशतक की मदद से 20 ओवर में सात विकेट पर 175 रन बनाए। भारत के लिए ईशान किशन ने अर्धशतक लगाया। पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर ऑलआउट हो गई। यह भारत की टी20 में पाकिस्तान के खिलाफ रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत है। इस मैच में पहले ईशान किशन ने शानदार प्रदर्शन किया और फिर भारतीय गेंदबाजों ने अपना दम दिखाया।
सूर्यकुमार बोले- हमने अच्छा स्कोर खड़ा किया
सूर्यकुमार ने कहा कि इस पिच पर 155 रन प्रतिस्पर्धी स्कोर होता और वह 15 से 20 रन अधिक बनाने में सफल रहे। भारतीय टी20 कप्तान ने कहा, मेरे ख्याल से यह जीत भारत के लिए है। हम इसी तरह का क्रिकेट खेलना चाहते थे। इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करना बेहतर विकल्प था। पहले बल्लेबाजी करते समय यह कहना मुश्किल था कि प्रतिस्पर्धी स्कोर कितना होता। लेकिन जैसे ही हम 175 पर पहुंचे तो हमें लगा कि हमने प्रतिस्पर्धी स्कोर से 15-20 रन अधिक बना लिए हैं। 155 रन पर यह बहुत करीबी मुकाबला होता।
भारतीय कप्तान ने अपने बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने वैसा ही क्रिकेट खेला जैसा वे खेलना चाहते थे। सूर्यकुमार ने कहा, हमने वैसा ही क्रिकेट खेला जैसा हम खेलना चाहते थे। ईशान ने भी उसकी तरह की बल्लेबाजी की। ईशान ने कुछ अलग सोचा। एक रन पर पहला विकेट गंवाने के बाद किसी को जिम्मेदारी लेने की जरूरत थी और उसने कमाल का काम किया। जिस तरह से तिलक वर्मा, शिवम दुबे और रिंकू सिंह ने बल्लेबाजी की, वह काबिलेतारीफ है। हार्दिक ने नई गेंद से प्रहार किया और फिर बुमराह ने दिखाया कि वह दुनिया में सर्वश्रेष्ठ क्यों हैं। सभी को योगदान देते हुए देखकर बहुत अच्छा लगा।
स्पिनरों के लिए क्या बोले सलमान आगा?
पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा कि पावरप्ले में तीन-चार विकेट गंवाने के बाद आप मैच में पीछा ही करते रह जाते हैं। सलमान ने कहा, हम चार स्पिनर्स के साथ उतरे लेकिन उनका दिन अच्छा नहीं था। कुछ हिस्सों में योजनाओं को अच्छी तरह लागू नहीं कर पाए। बल्ले से हमने अच्छी शुरुआत नहीं की। अगर आप पावरप्ले में तीन-चार विकेट खो देते हैं तो आप हमेशा मैच में पीछा ही करते रह जाते हैं।