फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs PAK: भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में पहली बार आखिरी गेंद पर जीता मैच, कोहली ने दिया दिवाली का तोहफा

Mon, 24 Oct 2022 05:33 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मेलबर्न

सार

India vs Pakistan T20 World Cup: पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 159 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने एक वक्त 31 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद हार्दिक-कोहली ने बेहतरीन साझेदारी की। कोहली ने यादगार पारी खेली।
विज्ञापन
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2022 का जीत के साथ आगाज किया है। टीम इंडिया ने पाकिस्तान को सुपर-12 के अपने पहले मुकाबले में चार विकेट से हरा दिया है। विराट कोहली ने भारतीय फैन्स को दिवाली का तोहफा दिया है। उन्होंने इस मैच में  53 गेंदों में 82 रन की नाबाद पारी खेली।
विज्ञापन


यह ऐसी पारी है जिसे भारतीय फैन्स काफी दिनों तक याद करेंगे। कोहली ने चेज मास्टर और मैच विनर के रूप में वापसी की है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में मिली हार का बदला भी ले लिया। पिछले साल पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराया था। तब टीम के कप्तान विराट कोहली थे।

भारत ने टी20 में चौथी बार और पाकिस्तान के खिलाफ पहली बार आखिरी गेंद पर मैच जीता है। इससे पहले भारत ने 2016 में ऑस्ट्रेलिया को सिडनी में, बांग्लादेश को 2018 में कोलंबो में, वेस्टइंडीज को 2018 में और अब पाकिस्तान को मेलबर्न में आखिरी गेंद पर शिकस्त दी है।

टी20 में आखिरी गेंद पर कब-कब जीता भारत
खिलाफ जगह साल
ऑस्ट्रेलिया सिडनी 2016
बांग्लादेश कोलंबो 2018
वेस्टइंडीज चेन्नई 2018
पाकिस्तान मेलबर्न 2022

टी20 अंतरराष्ट्रीय में आखिरी तीन ओवर में सबसे ज्यादा चेज हुए रन
रन टीम खिलाफ जगह साल
48 ऑस्ट्रेलिया पाकिस्तान ग्रोस आइलेट 2010
48 भारत पाकिस्तान मेलबर्न 2022
42 वेस्टइंडीज ऑस्ट्रेलिया मीरपुर 2014
41 श्रीलंका भारत ग्रोस आइलेट 2010

भारत ने आखिरी तीन ओवर में 48 रन चेज किए। टी20 अंतरराष्ट्रीय में लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने आखिरी तीन ओवर में बनाए गए सबसे ज्यादा रन की बराबरी की। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम था। उन्होंने 2010 में पाकिस्तान के खिलाफ ग्रोस आइलट में आखिरी तीन ओवर में 48 रन बनाकर मैच अपने नाम किया था।

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 20 ओवर में आठ विकेट गंवाकर 159 रन बनाए थे। जवाब में भारतीय टीम ने एक वक्त 31 रन पर चार विकेट गंवा दिए थे।

केएल राहुल चार रन, कप्तान रोहित शर्मा चार रन, सूर्यकुमार यादव 15 रन और अक्षर पटेल दो रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने विराट कोहली के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 78 गेंदों में 113 रन की साझेदारी निभाई। आखिरी पांच ओवर में भारत को जीत के लिए 60 रन की जरूरत थी। 16वें ओवर में छह रन बने और इसके बाद 17वें ओवर में छह रन बने।

18वें ओवर में कोहली ने गियर बदला और शाहीन अफरीदी के ओवर में तीन चौके लगाए। 18वें ओवर में भारत ने 17 रन बटोरे। आखिरी दो ओवर में टीम इंडिया को 31 रन चाहिए थे। 19वें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर कोहली ने दो छक्के लगाए। उस ओवर में हारिस रऊफ गेंदबाजी कर रहे थे।

आखिरी ओवर में भारत को 16 रन की जरूरत थी। मोहम्मद नवाज गेंदबाजी के लिए आए और पहली गेंद पर हार्दिक पांड्या को पवेलियन भेजा। हार्दिक 37 गेंदों में 40 रन बनाकर आउट हुए। दूसरी गेंद पर कार्तिक ने एक रन लिया। तीसरी गेंद पर कोहली ने दो रन लिए। 

चौथी गेंद पर कोहली ने छक्का लगाया। अंपायर ने हाइट की वजह से इसे नो बॉल दिया। इसके बाद नवाज ने फ्री हिट में वाइड बॉल डाली। चौथी गेंद पर कोहली ने बाई में तीन रन लिए। पांचवीं गेंद पर कार्तिक आउट हो गए। वह एक रन बना सके। आखिरी गेंद पर नवाज ने पहले वाइड बॉल फेंकी और इसके बाद अश्विन ने एक रन लेकर मैच जिता दिया।

बाबर आजम को अर्शदीप ने आउट किया - फोटो : ICC
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। 15 रन तक दोनों ओपनर्स पवेलियन लौट चुके थे। मोहम्मद रिजवान चार रन और कप्तान बाबर आजम खाता भी नहीं खोल सके। दोनों को अर्शदीप सिंह ने पवेलियन भेजा। इसके बाद शान मसूद और इफ्तिखार अहमद ने तीसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी निभाई।

इफ्तिखार ने टी20 करियर का पहला अर्धशतक लगाया। वह 34 गेंदों में दो चौके और चार छक्के की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शमी ने एल्बीडब्ल्यू आउट किया। शादाब खान पांच रन और हैदर अली दो रन बनाकर आउट हुए। मसूद ने भी अर्धशतक जड़ा और 42 गेंदों में पांच चौके की मदद से 52 रन बनाकर नाबाद रहे। 
विज्ञापन

इफ्तिखार अहमद और शान मसूद - फोटो : सोशल मीडिया
मोहम्मद नवाज नौ रन बनाकर आउट हुए। आसिफ अली भी कुछ खास नहीं कर सके और दो रन बना सके। शाहीन अफरीदी ने आखिरी में बेहतरीन पारी खेली और आठ गेंदों में 16 रन बनाए। हारिस रऊफ छह रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ने तीन-तीन विकेट लिए। भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी को एक-एक विकेट मिला।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें