पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी ने सोमवार को कहा कि भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच का बहिष्कार किया जाएगा या नहीं, इस पर फैसला अगले 24 घंटों में होगा।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी ने सोमवार को कहा कि भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप मैच का बहिष्कार किया जाएगा या नहीं, इस पर फैसला अगले 24 घंटों में होगा। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के साथ इस बारे में काफी बातचीत चल रही है, जिसमें उनके साथ बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल भी शामिल हैं।
पाकिस्तान सरकार ने किया था भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का एलान
भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को तय कार्यक्रम के अनुसार कोलंबो में मुकाबला होना है। हालांकि, पाकिस्तान की सरकार पहले ही इस बात की घोषणा कर चुकी है कि उनकी राष्ट्रीय टीम विश्व कप में खेलेगी, लेकिन भारत के खिलाफ ग्रुप चरण के मुकाबले का बहिष्कार करेगी। रविवार को बीसीबी अध्यक्ष और आईसीसी के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा की मोहसिन नकवी से लाहौर में मुलाकात हुई। इस बैठक में आईसीसी और पीसीबी के बीच जारी गतिरोध को समाप्त करने और भारत-पाकिस्तान मैच होने को लेकर चर्चा हुई।
आईसीसी से जवाब के बाद पीएम से चर्चा करेंगे नकवी
नकवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पीसीबी कुछ मुद्दों पर आईसीसी और बीसीबी से जवाब का इंतजार कर रहा है। आईसीसी के जवाब के बाद पीसीबी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ से मुलाकात करेगा। उन्होंने कहा, 'हमारी उनसे बात हुई है। अभी इस पर कोई कमेंट करना मेरे लिए सही नहीं होगा। जब उनका जवाब मिल जाएगा, तो हम फैसला करेंगे। आईसीसी का जवाब आने के बाद हम सलाह के लिए प्रधानमंत्री (शाहबाज शरीफ) के पास जाएंगे।' उन्होंने आगे कहा, 'कल या परसों कोई घोषणा होगी।'
'बांग्लादेश का रुख सही था'
इस दौरान नकवी ने कहा, 'हम अपने मेहमानों का सम्मान करते हैं और आईसीसी हमारे घर आया था, इसलिए हमने उनका सम्मान किया। इस समय हम ज्यादा कुछ नहीं कह सकते क्योंकि आईसीसी और बांग्लादेश के बीच बातचीत चल रही है। बांग्लादेश का रुख सही था, इसलिए हमें उनका साथ देना पड़ा।' बता दें कि, बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में खेलने से इनकार किया था। इसके बाद आईसीसी ने उनकी जगह ग्रुप सी में स्कॉटलैंड को शामिल किया।
गीदडभभकियों से बाज नहीं आ रहे नकवी
इस दौरान नकवी से जब पूछा गया कि क्या आईसीसी की कार्रवाई की चेतावनी की वजह से पीसीबी दबाव में है? तो उन्होंने फिर गीदड़भभकी दी। नकवी ने आगे कहा, 'आप जानते हैं कि हम इन धमकियों से बिल्कुल डरने वाले नहीं हैं। हर कोई हमारे फील्ड मार्शल (आसिम मुनीर) को जानता है। हमें किसी भी प्रतिबंध की चिंता नहीं है।'
पीएम से चर्चा करेंगे नकवी
समाचार एजेंसी पीटीआई ने पीसीबी के सूत्र के हवाले से कहा कि नकवी पाकिस्तान के पीएम शाहबाज शरीफ को ब्रीफ करेंगे और उनसे बहिष्कार की अपील वापस लेने का अनुरोध करेंगे। इसके लिए बीसीबी के अध्यक्ष अमीनुल ने राजी किया है।
आईसीसी, पीसीबी और बीसीबी की बैठक में क्या चर्चा हुई?
पीटीआई के मुताबिक, रविवार को आईसीसी के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा के साथ मुलाकात के दौरान नकवी ने कुछ मांगें रखी थीं।
इसमें भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय क्रिकेट को फिर से शुरू करने की मांग शामिल थी।
बांग्लादेश के साथ एक त्रिकोणीय सीरीज शामिल थी, ताकि पीसीबी की विश्व कप से बाहर होने के बाद हुए नुकसान की भरपाई हो सके।
हालांकि, भारत-पाकिस्तान द्विपक्षीय क्रिकेट आईसीसी के दायरे में नहीं आता, लेकिन त्रिकोणीय की मांग को तुरंत खारिज कर दिया गया।
भारत ने अब एक दशक से ज्यादा समय से कोई भी त्रिकोणीय टूर्नामेंट नहीं खेला है।
हालांकि, आईसीसी अगले पुरुषों के अंडर-19 विश्व कप की मेजबानी बांग्लादेश को देने पर विचार कर सकता है।
सूत्र ने बताया कि ख्वाजा के साथ बातचीत के दौरान, नकवी ने कई शिकायतें उठाईं।
सूत्र ने कहा, 'उन्होंने ख्वाजा से सवाल किया कि अगर पाकिस्तानी टीम ने किसी भारतीय बोर्ड अधिकारी से प्रेजेंटेशन में एशिया कप ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया होता तो क्या आईसीसी चुप रहता?'
मालूम हो कि, एशिया कप ट्रॉफी दुबई में एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के मुख्यालय में बंद है। दरअसल, एसीसी प्रमुख नकवी ने यह साफ कर दिया था कि सिर्फ वही पूरे मीडिया की मौजूदगी में प्रेजेंटेशन की औपचारिकताएं पूरी करेंगे।