आज ही के दिन एक साल पहले भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2024 का खिताब जीतकर बारबाडोस में तिरंगा लहराया था। रोहित शर्मा की अगुआई में टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराकर आईसीसी ट्रॉफी जीतने के सूखे को समाप्त किया था और करोड़ों देशवासियों को खुश होने का मौका दिया था। अब रोहित शर्मा से लेकर सूर्यकुमार यादव तक ने भारतीय टीम की जीत के ऐतिहासिक पलों को याद किया है।
टी20 विश्व कप 2024
- फोटो : ANI
दूसरी बार जीता था खिताब
भारत ने दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 176 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 169 रन बना सकी थी। इस जीत के साथ भारत ने 11 साल के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को खत्म कर दिया था। भारत ने इससे पहले 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। वहीं, भारत ने 17 साल बाद टी20 विश्व कप और 13 साल बाद कोई विश्व कप जीता था। 2011 में भारत ने वनडे विश्व कप जीता था।
यहां देखिए भारतीय खिलाड़ियों ने किस तरह टी20 विश्व कप की खिताबी जीत को याद किया...