भारत को बुधवार को आयरलैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत करनी है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला न्यूयॉर्क के नासाउ काउंटी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। मैच से पहले ही भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने न्यूयॉर्क के पिच की आलोचना की है। सोमवार को इस स्टेडियम पर श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका के बीच मुकाबला खेला गया था जो कम स्कोर वाला मैच रहा था। इस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को 77 रन पर ऑलआउट कर दिया था।
नॉर्त्जे का रिकॉर्डतोड़ स्पेल
टी20 विश्व कप 2024 के चौथे मैच में दक्षिण अफ्रीका ने श्रीलंका को छह विकेट से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम 19.1 ओवर में 77 रन पर सिमट गई थी। जवाब में दक्षिण अफ्रीका ने 16.2 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्त्जे ने इस मैच में शानदार गेंदबाजी की। नॉर्त्जे ने चार ओवर में सात रन खर्च किए और चार विकेट लिए। नॉर्त्जे का यह स्पेल टी20 विश्व कप में किसी भी दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज द्वारा सर्वश्रेष्ठ स्पेल है। उन्होंने अपना ही दो साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। टी20 विश्व कप 2022 में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ सिडनी में 10 रन देकर चार विकेट लिए थे।
'यह आदर्श पिच नहीं'
इरफान ने श्रीलंका की खराब बल्लेबाजी के बाद सोशल मीडिया पर न्यूयॉर्क की पिच की आलोचना करते हुए कहा कि यह आदर्श पिच नहीं है। इरफान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'यह टी20 क्रिकेट के लिए आदर्श पिच नहीं है।' मालूम हो कि भारतीय टीम को इसी स्टेडियम पर बुधवार को आयरलैंड के खिलाफ मुकाबला खेलना है। इतना ही नहीं भारतीय टीम अपने ग्रुप चरण के तीन मैच नासाउ काउंटी स्टेडियम पर ही खेलेगी। भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप-ए चरण का मुकाबला भी इसी स्टेडियम पर खेला जाना है।
श्रीलंका का टी20 विश्व कप में न्यूनतम स्कोर
श्रीलंका की टीम 19.1 ओवर में 77 रन पर सिमट गई। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय और टी20 विश्व कप में उनका सबसे कम स्कोर है। टी20 अंतरराष्ट्रीय में इससे पहले श्रीलंका का सबसे कम स्कोर 82 रन का था, जो उन्होंने 2016 में विशाखापत्तनम में भारत के खिलाफ बनाया था। 77 रन टी20 विश्व कप के इस संस्करण में अब तक का सबसे कम टोटल भी है। श्रीलंका के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। इनमें से चार बल्लेबाज खाता नहीं खोल पाए।