एशिया कप के बाद अब भारत और पाकिस्तान की टीमें अगले महीने टी20 वर्ल्ड कप में आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला मशहूर मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में 23 अक्तूबर को खेला जाएगा। भारत-पाक मैच का क्रेज इतना है कि इसके सारे टिकट कुछ ही मिनटों में बिक गए। आईसीसी ने गुरुवार (15 सितंबर) को इसकी जानकारी दी।
आईसीसी ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि मैच के टिकट की बिक्री शुरू होते ही स्टैंडिंग रूम के टिकट भी मिनटं में बिक गए। आईसीसी ने यह जानकारी भी दी है कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए अब तक पांच लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। आईसीसी ने कहा, ''मेलबर्न में होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच के सभी टिकट बिक चुके हैं। यहां तक कि स्टैंडिंग रूम के टिकट भी मिनटों में सोल्ड आउट हो गए। मैच से कुछ दिन पहले आधिकारिक रूप से रि-सेल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया जाएगा। इसके जरिए फैंस अपने टिकट एक्सचेंज कर सकते हैं।''
भारत-पाकिस्तान मैच के अलावा टीम इंडिया और ग्रुप-ए के रनर-अप के बीच होने वाले सुपर-12 राउंड मैच के सारे टिकट भी बिक गए हैं। दक्षिण अफ्रीका बनाम और बांग्लादेश मैच का भी यही हाल है। हालांकि, आईसीसी ने कहा है कि इन मैचों की कुछ टिकटें बाद में उपलब्ध की जाएंगी। ऑस्ट्रेलिया बनाम न्यूजीलैंड, भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच की भी करीब सारी टिकटें बिक चुकी हैं।
टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है- रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रविचंद्रन अश्विन, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, हर्षल पटेल, अर्शदीप सिंह।
स्टैंडबाय: मोहम्मद शमी, दीपक चाहर, श्रेयस अय्यर, रवि बिश्नोई।