दक्षिण अफ्रीका ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मार्को यानसेन को टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में शामिल किया है। वह चोटिल ड्वेन प्रिटोरियस की जगह लेंगे। बुधवार (12 अक्तूबर) को क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने इसकी घोषणा की। यानसेन पहले स्टैंडबाय खिलाड़ियों का हिस्सा थे। आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलने वाले यानसेन की जगह स्टैंडबाय के तौर पर अब लिजाद विलियम्स से टीम से जुड़ेंगे।
सीएसए ने अपने बयान में कहा, "क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) की राष्ट्रीय चयन समिति ने आज ऑस्ट्रेलिया में आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय टीम में मार्को यानसेन को शामिल किया है। 22 वर्षीय यह गेंदबाज चोटिल ड्वेन प्रिटोरियस की जगह लेगा। प्रिटोरियस भारत के खिलाफ हालिया टी20 सीरीज में अंगूठा चोटिल करवा बैठे थे।''
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: टी20 में चेज करने में माहिर है टीम इंडिया, लक्ष्य का पीछा करते हुए इस साल 11 में से नौ मैच जीते
यानसेन भारत के खिलाफ टी20 सीरीज 1-2 से हारने वाली टीम के सदस्य थे। उन्होंने तीसरे मैच में 26 रन देकर तीन विकेट लिए थे। उस मुकाबले को अफ्रीकी टीम ने 49 रन से अपने नाम किया था। प्रिटोरियस ने इस साल आठ टी20 मैचों में 12 विकेट लिए थे। इस दौरान उनका औसत 20.66 का रहा। वह निचले क्रम में तेजी से रन बनाने के लिए भी जाने जाते हैं।
ऑस्ट्रेलिया में आठवें टी20 वर्ल्ड कप का आगाज 16 अक्तूबर को होने जा रहा है। 29 दिन तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 45 मैच खेले जाएंगे। टीमों की बात करें तो 16 देश इसमें हिस्सा ले रहे हैं। आठ टीमों को सुपर-12 में सीधे जगह मिली है। वहीं, आठ टीमें पहले दौर में खेलेंगी। वहां दो ग्रुपों में चार-चार टीमों को बांटा गया है। दोनों ग्रुप से टॉप-2 टीमें सुपर-12 में प्रवेश करेंगी। पहले दौर के मुकाबले 16 अक्तूबर से खेले जाएंगे। वहीं, सुपर-12 की शुरुआत 22 अक्तूबर को होगी।
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: टी20 में ऑस्ट्रेलियाई मैदानों पर टीम इंडिया का बेहतरीन रिकॉर्ड, 12 में से जीत चुके सात मैच
दक्षिण अफ्रीका की टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, रीजा हेंड्रिक्स, मार्को यानसेन, हेनरिच क्लासेन, केशव महाराज, एडेन मार्करम, डेविड मिलर, लुंगी एंगिडी, एनरिच नोर्त्जे, वेन पार्नेल, कगिसो रबाडा, रिले रॉसो , तबरेज शम्सी, ट्रिस्टन स्टब्स।
रिजर्व खिलाड़ी: ब्योर्न फोर्च्यून, एंडिले फेहलुकवायो और लिजाद विलियम्स।