फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

T20 WC: उलटफेर के बीच ग्रुप दो में शीर्ष पर रहा भारत, जिम्बाब्वे को हराया, सूर्या दूसरी बार प्लेयर ऑफ द मैच

Sun, 06 Nov 2022 08:20 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मेलबर्न

सार

India vs Zimbabwe T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप का 42वां मुकाबला भारत और जिम्बाब्वे के बीच मेलबर्न में खेला गया। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और भारत ने जिम्बाब्वे के सामने 187 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.2 ओवर में 115 रन पर सिमट गई।
विज्ञापन
1 of 10
भारत बनाम जिम्बाब्वे - फोटो : अमर उजाला
भारत ने सुपर-12 राउंड के अपने आखिरी ग्रुप मैच में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में जिम्बाब्वे को 71 रन से हरा दिया है। टीम इंडिया पहले ही सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुकी है और इस जीत का मतलब है कि टीम ने ग्रुप-दो में शीर्ष पर रहकर सेमीफाइनल के लिए जगह बनाई। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और भारत ने जिम्बाब्वे के सामने 187 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 17.2 ओवर में 115 रन पर सिमट गई। 
विज्ञापन

कैसा रहा ग्रुप-दो का हाल?

2 of 10
सेमीफाइनल का शेड्यूल - फोटो : अमर उजाला
भारत ने ग्रुप दो में अपने पांच में से चार मुकाबले जीते और टीम आठ अंकों के साथ शीर्ष पर रही। वहीं, इस ग्रुप से क्वालिफाई करने वाली दूसरे टीम पाकिस्तान रही। उसके छह अंक हैं। अब पहले सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड का सामना बुधवार को पाकिस्तान से सिडनी में है। वहीं, टीम इंडिया दूसरे सेमीफाइनल में गुरुवार को इंग्लैंड से एडिलेड ओवल में भिड़ेगी।
विज्ञापन

सुपर-12 राउंड तक छह उलटफेर

3 of 10
दक्षिण अफ्रीका बनाम नीदरलैंड - फोटो : ICC
इस विश्व कप में सुपर-12 राउंड तक कुल छह उलटफेर देखने को मिले। रविवार को ही नीदरलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर बड़ा उलटफेर किया। इससे दक्षिण अफ्रीकी टीम टी20 विश्व कप से ही बाहर हो गई और लगभग समीकरण से बाहर हो चुकी पाकिस्तान की टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका मिल गया।

इस विश्व कप के अब तक के बड़े उलटफेर
टीम किसको हराया अंतर राउंड
नामीबिया श्रीलंका 55 रन क्वालिफाइंग
स्कॉटलैंड वेस्टइंडीज 42 रन क्वालिफाइंग
आयरलैंड वेस्टइंडीज नौ विकेट क्वालिफाइंग
आयरलैंड इंग्लैंड 5 रन (DLS) सुपर-12
जिम्बाब्वे पाकिस्तान एक रन सुपर-12
नीदरलैंड दक्षिण अफ्रीका 13 रन सुपर-12

सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमें

4 of 10
भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंची - फोटो : सोशल मीडिया
ग्रुप वन में न्यूजीलैंड ने पहले स्थान और इंग्लैंड ने दूसरे स्थान पर रहकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। सेमीफाइनल में ग्रुप वन में पहले स्थान पर रहने वाली टीम का ग्रुप दो में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से और ग्रुप दो में पहले स्थान पर रहने वाली टीम का ग्रुप वन में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से सामना होता है।
विज्ञापन

रोहित शर्मा फिर फेल रहे

5 of 10
राहुल और रोहित - फोटो : सोशल मीडिया
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया ने 20 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 186 रन बनाए। भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही। 27 रन के कुल स्कोर पर कप्तान रोहित शर्मा अपना विकेट गंवा बैठे। वह 13 गेंदों पर 15 रन बना सके। 27 रन अब तक इस विश्व कप में टीम इंडिया की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है। इसके बाद केएल राहुल ने विराट कोहली के साथ मिलकर पारी संभाली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों पर 60 रन की साझेदारी निभाई। कोहली और राहुल लगातार दो ओवर में आउट हुए। 
विज्ञापन

कोहली और राहुल के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

6 of 10
कोहली और राहुल - फोटो : सोशल मीडिया
12वें ओवर में कोहली और 13वें ओवर में राहुल आउट हुए। कोहली ने 25 गेंदों में 26 रन की पारी खेली। वहीं, अगले ओवर में सिकंदर रजा की गेंद पर छक्का लगाकर केएल राहुल ने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 22वां अर्धशतक लगाया।  यह इस टूर्नामेंट में उनका पांचवां अर्धशतक रहा। इसके बाद अगली गेंद पर फिर से बड़े शॉट के चक्कर में राहुल कैच थमा बैठे। राहुल ने 35 गेंदों में 51 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने तीन चौके और तीन छक्के लगाए। ऋषभ पंत कुछ खास नहीं कर सके और पांच गेंदों में तीन रन बनाकर आउट हुए।
विज्ञापन

हार्दिक और सूर्यकुमार की बेहतरीन बल्लेबाजी

7 of 10
सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पांड्या - फोटो : सोशल मीडिया
इसके बाद हार्दिक पांड्या ने सूर्यकुमार यादव के साथ पांचवें विकेट के लिए 36 गेंदों में 65 रन की साझेदारी निभाई। हार्दिक 18 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, सूर्या ने 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ा। वह 25 गेंदों में छह चौके और चार छक्के की मदद से 61 रन बनाकर नाबाद रहे। यह उनके टी20 अंतराष्ट्रीय का 12वां अर्धशतक रहा। वहीं, इस टूर्नामेंट में यह उनका तीसरा अर्धशतक है। इससे पहले सूर्या ने नीदरलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भी अर्धशतकीय पारी खेली थी।

शुरुआती दो ओवर में जिम्बाब्वे ने दो विकेट गंवाए

8 of 10
कोहली, भुवनेश्वर और रोहित - फोटो : सोशल मीडिया
187 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 17.2 ओवर में 115 रन पर सिमट गई। जिम्बाब्वे की शुरुआत भी खराब रही और भुवनेश्वर कुमार ने पहले ही ओवर में वेस्ले मधेवेयरे को आउट किया। वह खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद दूसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने रेजिस चकाबवा को क्लीन बोल्ड किया। चकाबवा भी खाता नहीं खोल सके। कप्तान क्रेग इरविन 13 रन, शॉन विलियम्स 11 रन और टोनी मुन्योंगा पांच रन बनाकर आउट हुए।

रजा और बर्ल के बीच 60 रन की साझेदारी

9 of 10
भारतीय टीम - फोटो : सोशल मीडिया
इसके बाद सिकंदर रजा और रेयान बर्ल ने छठे विकेट के लिए 60 रन की साझेदारी निभाई और जिम्बाब्वे की पारी को संभालने की कोशिश की। अश्विन ने बर्ल को पवेलियन भेज इस साझेदारी को तोड़ा। बर्ल 22 गेंदों में 35 रन बना सके। अपनी पारी में उन्होंने पांच चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, हार्दिक ने सिकंदर रजा को आउट किया। रजा 24 गेंदों में तीन चौके की मदद से 34 रन बना सके। वेलिंगटन मसाकाद्जा एक रन, रिचर्ड एनगरवा एक रन और तेंदई चतारा चार रन बनाकर आउट हुए। इस तरह जिम्बाब्वे की टीम सिमट गई।
विज्ञापन

सूर्यकुमार दूसरी बार प्लेयर ऑफ द मैच

10 of 10
सूर्यकुमार यादव - फोटो : सोशल मीडिया
भारत की ओर से रविचंद्रन अश्विन ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, मोहम्मद शमी और हार्दिक पांड्या को दो-दो विकेट मिले। भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और अक्षर पटेल को एक-एक विकेट मिला। सूर्यकुमार को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया। यह इस टी20 वर्ल्ड कप में सूर्यकुमार का दूसरा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड है। इससे पहले नीदरलैंड के खिलाफ भी उन्हें यह अवॉर्ड मिला था। भारत ने पांच में से चार मैच जीते। चार में से दो में सूर्यकुमार और दो में विराट कोहली (vs PAK & BAN) प्लेयर ऑफ द मैच रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें