पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप का मुकाबला रविवार को मेलबर्न क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों में से जो भी टीम जीतेगी, वह दूसरा खिताब अपने नाम करेगी। दोनों टीमें फाइनल के लिए तैयार हैं। खिताबी मुकाबले की पूर्व संध्या पर दोनों टीमों के कप्तानों ने मीडिया के सवालों का जवाब दिया। इस मौके पर पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने कहा कि पिछले चार मैचों में मिली लगातार जीत से उनकी टीम का हौसला बढ़ा है। वहीं, इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने कहा कि अगर उनकी टीम जीतती है तो इससे आगामी फुटबॉल वर्ल्ड कप में उनके देश को आत्मविश्वास मिलेगा।
बटलर ने कहा- स्पोर्ट्स इंग्लिश कल्चर का एक अहम हिस्सा है। हमें काफी समर्थन मिलता है। यूरोप में जैसी परिस्थिति है, उसमें कोई शक नहीं कि फुटबॉल का हमारा देश में कोई मुकाबला नहीं है। कोई भी स्पोर्ट उसकी बराबरी नहीं कर सकता। निश्चित तौर पर हमारा फाइनल फ्री ऑन एयर होगा तो इससे कई नए लोगों को भी फायदा होगा।
बेन स्टोक्स और जोस बटलर
- फोटो : अमर उजाला
बटलर को नहीं लगता कि 2019 विश्व कप की तरह त्रफालगर स्क्वायर पर ब्रिटिश स्टैंडर्ड टाइम के हिसाब से सुबह आठ बजे कोई बिग स्क्रीन पर मैच देखने आएगा। हालांकि, इसका पूरा विश्वास है कि लोग इंग्लैंड-पाकिस्तान का फाइनल देखने के लिए टीवी जरूर ऑन करेंगे। बटलर को लगता है कि 2019 वर्ल्ड कप जीतने के बाद लोगों की रुचि क्रिकेट की तरफ बढ़ी है।
बटलर ने कहा- हमने देखा कि 2019 वर्ल्ड कप फाइनल देखने के लिए त्रफलगर स्क्वायर पर लोग भारी संख्या में जमा थे। मैं इस बात को लेकर श्योर नहीं हूं कि सुबह आठ बजे लोग त्रफलगर स्क्वायर पहुंचेंगे या नहीं, लेकिन इस बात का भरोसा है कि वह हमारी जीत के लिए दुआएं जरूर करेंगे। पाकिस्तान की टीम शानदार है और हमें मुश्किल चुनौती मिलेगी। हमने पिछले कुछ समय में उनके खिलाफ कई मैच खेले हैं। इन सभी में कड़ी टक्कर देखने को मिली। मुझे भरोसा है कि फाइनल में कुछ अलग नहीं होगा।
बाबर आजम
- फोटो : सोशल मीडिया
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने कहा कि पिछले चार मैचों में टीम की फॉर्म में वापसी करने से आत्मविश्वास बढ़ा है। पाकिस्तान ने लगातार चार जीत अपने नाम करते हुए सही समय पर फॉर्म पाई है। उन्होंने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई। बाबर ने कहा- जिस तरह से टीम ने पिछले चार मैचों में वापसी की है, उससे हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है, उत्साह है और हम आश्वस्त हैं और हमें अच्छा प्रदर्शन करने का विश्वास भी है। उम्मीद है कि परिणाम अच्छा होगा।
बाबर ने इंग्लिश टीम की प्रशंसा की और उन्हें दुनिया में सर्वश्रेष्ठ में से एक करार दिया। उन्होंने यह भी कहा कि इंग्लैंड की टीम में प्रभावशाली खिलाड़ी हैं और वे उनके खिलाफ अपनी योजनाओं को अंजाम देना चाहेंगे। बाबर ने कहा- मुझे लगता है कि इंग्लैंड की टीम सर्वश्रेष्ठ में से एक है और हमने उनके खिलाफ एक सीरीज खेली जहां हम दोनों प्रतिस्पर्धी रूप से खेले। इंग्लैंड एक अच्छी टीम है और उनके पास खिलाड़ियों का अच्छा समूह है और हम अपनी योजनाओं को क्रियान्वित करना चाहेंगे।
फोटो क्रेडिट: ICC
बाबर ने कहा- बेशक, पावरप्ले बहुत मायने रखता है। हम पावर प्ले में अच्छी क्रिकेट खेलना चाहेंगे। हम बारिश पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। हम परफॉर्मेंस पर फोकस करना चाहते हैं। हम बारिश से बाधित मैच नहीं बल्कि पूरा मैच चाहते हैं। टॉस वास्तव में मायने नहीं रखता। हम फाइनल के दिन परिस्थितियों को देखते हुए टीम तय करेंगे।
दोनों टीमें अपने दूसरे खिताब पर कब्जा करने के लिए बेताब होंगी। थ्री लायंस ने पहली बार 2010 में वेस्टइंडीज में एशेज प्रतिद्वंद्वी ऑस्ट्रेलिया को फाइनल में सात विकेट से हराकर पहला टी20 विश्व कप जीता था, जबकि पाकिस्तान ने 2009 में इंग्लैंड में श्रीलंका को आठ विकेट से हराकर अपना पहला खिताब जीता था।