पाकिस्तान के पूर्व गेंदबाज वसीम अकरम ने भारतीय टीम पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि अब भारतीय खिलाड़ी थकान का बहाना नहीं कर पाएंगे। दरअसल, टी20 विश्व कप 2024 के लिए चुने गए भारतीय स्क्वॉड का कोई भी खिलाड़ी आईपीएल के फाइनल में पहुंचने वाली टीमों का हिस्सा नहीं था। हालांकि, रिंकू सिंह कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा थे लेकिन उन्हें रिजर्व खिलाड़ी के रूप में चुना गया है।
भारतीय टीम के सदस्य
- फोटो : PTI
रोहित समेत कई खिलाड़ी पहुंचे न्यूयॉर्क
अमेरिका और वेस्टइंडीज की मेजबानी में होने जा रहे विश्व कप के लिए टीम इंडिया का एक जत्था न्यूयॉर्क पहुंच चुका है, जिसमें मुख्य कोच राहुल द्रविड़ और कप्तान रोहित शर्मा समेत कई खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं, विराट कोहली, हार्दिक पांड्या जैसे खिलाड़ी 30 मई को रवाना हो सकते हैं। इस बीच पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने भारतीय स्क्वॉड पर तंज कसा है। वहीं, सोमवार को युजवेंद्र चहल, आवेश खान और यशस्वी जायसवाल विश्व कप के लिए रवाना हो गए।
भारतीय टीम के सदस्य
- फोटो : PTI
अकरम ने साधा निशाना
दरअसल, 2021 में भारतीय टीम आईपीएल फाइनल खेलने के बाद तुरंत टी20 विश्व कप के लिए संयुक्त अरब अमीरात पहुंची थी और पहले ही दौर में बाहर हो गई थी। अब अकरम ने कहा कि आगामी विश्व कप में खेलने जा रहे खिलाड़ियों का आईपीएल फाइनल में नहीं पहुंचना वरदान है। उन्होंने कहा, "कम से कम अब उनमें से कोई थकान की शिकायत नहीं करेगा। मुझे पहले चिंता थी कि अगर इन खिलाड़ियों की टीमें आईपीएल फाइनल में पहुंची तो उनके साथ थकान की समस्या हो सकती थी। लेकिन ऐसा कुछ हुआ नहीं तो अब उन्हें कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।"
टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम
- फोटो : ANI
आयरलैंड के खिलाफ अभियान की शुरुआत करेगी भारतीय टीम
भारतीय टीम टी20 विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत पांच जून को आयरलैंड के खिलाफ करेगी। भारतीय टीम ग्रुप-ए में शामिल है जिसमे सह मेजबान अमेरिका, कनाडा और पाकिस्तान की टीम भी मौजूद है। भारत और पाकिस्तान का ग्रुप चरण में सामना नौ जून को न्यूयॉर्क में होगा। भारतीय टीम ने इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय टीम का एलान किया था, जबकि शुभमन गिल, रिकूं सिंह, खलील अहमद और आवेश खान रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर टीम से जुड़ेंगे।
टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
रिजर्वः शुभमन गिल, रिंकू सिंह, खलील अहमद, आवेश खान।