मैच के बाद कोहली भावुक हो गए थे और इस पारी को अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ पारी बताया था। साथ ही फैन्स को समर्थन के लिए धन्यवाद भी कहा था। कोहली ने यह भी बताया कि आखिरी ओवर में उनके दिमाग में क्या चल रहा था और किस प्रकार विकेट गिरने के बावजूद टीम इंडिया जीतने में कामयाब रही। कोहली ने कहा- जब छह गेंदों में 16 रन चाहिए और दो गेंदों में दो रन बन गए तो लोग रिलैक्स या ओवरएक्साइटेड भी हो जाते हैं कि अब तो बन गए। इसके बाद दिनेश कार्तिक रन आउट हो गए।
दरअसल, आखिरी एक ओवर में भारत को जीत के लिए 16 रन चाहिए थे और मोहम्मद नवाज की पहली ही गेंद पर हार्दिक पांड्या (40 रन) आउट हो गए थे। उनके आउट होने पर दिनेश कार्तिक बल्लेबाजी के लिए आए और उन्होंने दूसरी गेंद पर एक रन लिया। तीसरी गेंद पर कोहली ने दो रन लिए। चौथी गेंद पर कोहली ने छक्का लगाया और इसे अंपायर ने नो बॉल करार दिया। अगली गेंद नवाज ने वाइड फेंकी और फ्री हिट जारी रहा। इसकी अगली गेंद पर कोहली ने बाई में तीन रन लिए। पांचवीं गेंद पर कार्तिक आउट हो गए। तब दो गेंदों पर दो रन चाहिए थे और कार्तिक के आउट होते ही इक्वेशन एक गेंद पर दो रन का रह गया।
अश्विन ने वाइड जाने दिया था
कोहली ने कहा- अश्विन जब बैटिंग के लिए आए तो मैंने उनसे कहा कि कवर के ऊपर से शॉट लगाकर देखना, लेकिन अश्विन ने दिमाग के ऊपर एक्स्ट्रा दिमाग लगाया। यह बहुत ही साहसिक फैसला था और वह इनसाइड द लाइन आए और वाइड करवा दी। इसके बाद तो हालात ऐसे थे कि अगर गेंद गैप में गई तो हम मैच जीत जाएंगे और वैसा ही हुआ।
अश्विन ने आखिरी गेंद पर मिड ऑफ के ऊपर से शॉट लगाया और एक रन लिया। भारत ने आखिरी गेंद पर चार विकेट रहते मैच जीत लिया। भारतीय टीम की यह टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पर छठी जीत रही। दोनों के बीच टी20 वर्ल्ड कप में अब तक सात मुकाबले हुए हैं। अब टीम इंडिया 27 अक्तूबर को नीदरलैंड के खिलाफ मैच खेलेगी।