कप्तान दीपक चाहर (55) की नाबाद अर्द्धशतकीय पारी से राजस्थान ने सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के सुपर लीग मुकाबले में दिल्ली को दो रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। सुपर लीग के ग्रुप ए में राजस्थान की यह चार मैचों में दूसरी जीत है और उसके आठ अंक है। इसी ग्रुप में महाराष्ट्र और बड़ौदा के भी आठ-आठ अंक हैं लेकिन बेहतर रनरेट से राजस्थान आगे बढ़ा। ग्रुप में हरियाणा की टीम शीर्ष पर रही जबकि दिल्ली पांचवें और आखिरी स्थान पर रही।
राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 133 रन बनाए। दीपक के अलावा राजेश बिश्नोई (36) और सलमान खान (23) ही दोहरे अंक तक पहुंच पाए। दिल्ली की ओर से सुबोध भाटी और नीतीश राणा ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में दिल्ली नौ विकेट पर 131 रन ही बना पाई। ओपनर ऋषभ पंत (30) एक बार फिर अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल सके। हालांकि वह दस ओवर तक डटे रहे। वह 11वें ओवर की पहली गेंद पर अरजित गुप्ता की गेंद पर एलबीडब्ल्यू हुए। उन्होंने 27 गेंदों की पारी में एक छक्का और तीन चौके जड़े। आखिरी के ओवरों में ललित यादव (30) और वरुण सूद (नाबाद 24) ने कुछ उम्मीद जगाई पर दिल्ली को जीत नहीं दिला पाए। गुप्ता ने राजस्थान की ओर से तीन, जबकि अनिकेत चौधरी, खलील अहमद और राहुल चाहर ने दो-दो विकेट चटकाए।
महाराष्ट्र ने हरियाणा को दो रन से हराया
पहले ही अंतिम चार में पहुंच चुके हरियाणा को महाराष्ट्र के हाथों दो रन से हार मिली। यह हरियाणा की सुपर लीग दौर के चार मैचों में पहली हार है। महाराष्ट्र ने पहले खेलते हुए राहुल त्रिपाठी 61, विजय जोल 38 और रितुराज गायकवाड़ की मदद से पांच विकेट पर 167 रन बनाए। हरियाणा की ओर से सुमित कुमार ने तीन विकेट लिए। जवाब में हरियाणा की टीम सात विकेट पर 165 रन ही बना पाई। शिवम चौहान ने 33, हिमांशु राणा और राहुल तेवतिया ने 28-28 और हर्षल पटेल ने 22 रन बनाए। महाराष्ट्र के लिए आजिम काजी ने दो विकेट लिए।
वहीं, अन्य मुकाबले में मुंबई ने पंजाब को 22 रन से, जबकि तमिलनाडु ने झारखंड को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी।