तेज गेंदबाज अजित चहल, हर्षल पटेल और ऑफ स्पिनर जयंत यादव की धारदार गेंदबाजी तथा शिवम चौहान की शानदार हाफ सेंचुरी की बदौलत हरियाणा ने सेना (सर्विसेज) पर फिरोजशाह कोटला मैदान पर अपने पांचवें और आखिरी लीग मैच में एक गेंद के बाकी रहते चार विकेट से जीत के साथ अपना अभियान खत्म किया।
हरियाणा के इस जीत के बावजूद पांच मैचों में तीन हार दो जीत से आठ अंक ही रह गई और वह नॉकआउट की होड़ से बाहर हो गई। सेना के चार मैचों में दो जीत और दो हार के साथ आठ अंक हें। सेना को नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीद बरकरार रखने के लिए फिलहाल चार मैचों से 12 अंकों के साथ शीर्ष पर चल रही दिल्ली को अंतिम लीग मैच में हर हाल में हराना होगा। सेना का रन रेट जरूर पंजाब से बेहतर है। ऐसे में सेना के नॉकआउट में पहुंचने की दावेदारी को फिलहाल खारिज नहीं किया जा सकता क्योंकि दनादन क्रिकेट का मिजाज ही ऐसा है कि किसी दिन कोई भी टीम किसी को भी हरा सकती है।
नकुल शर्मा (42 रन, 32 गेंद, तीन चौके और तीन छक्के) और विकास हथवाला (16 रन, 17 गेंद,एक चौका) की छठे विकेट की 45 रन की भागीदारी की बदौलत पहले बल्लेबाजी की दावत पाकर सेना ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 140 रन बनाए।
हरियाणा के तेज गेंदबाज अजित चहल (3/36) और हर्षल पटेल (2/26) तथा भारत के पूर्व टेस्ट स्पिनर जयंत यादव (2/13) ने सेना के गिरने वाले आठ विकेट आपस में बांटे। सेना के सबसे कामयाब बल्लेबाज नकुल लेग स्पिनर राहुल तेवतिया की भीतर आती गेंद की लाइन चूके और अंपायर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू आउट घोषित किया।
हरियाणा ने आठ ओवर के शुरू में जब तीन विकेट मात्र 39 पर गंवा दिए थे तब उस पर हार का खतरा मंडराने लगा था। शिवम चौहान (54 रन, 43 गेंद, चार चौके, एक छक्का ) की रजत पालीवाल (29 रन, 29 गेंद, 2 दो चौके ) के साथ 52 और राहुल तेवतिया (नॉटआउट 29 रन,16 गेंद, एक चौके और दो छक्के) के साथ छठे विकेट की 42 रन की भागीदारी की बदौलत हरियाणा ने एक गेंद के बाकी रहते छह विकेट पर 141 रन बनाकर रोमांचक अंदाज में मैच जीत लिया।
उत्तर प्रदेश ने विदर्भ को छह रन से हराया
अमित मिश्रा (4/10) की घातक गेंदबाजी से उत्तर प्रदेश ने विदर्भ को छह रन से हरा दिया। उत्तर प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज शिवम चौधरी (51) और अक्षदीप नाथ (31) की मदद से आठ विकेट पर 137 रन का स्कोर बनाया।
कुलदीप यादव 11 रन पर नाबाद रहे। कप्तान
सुरेश रैना दो रन का ही योगदान दे पाए।
विदर्भ की टीम आठ विकेट पर 131 रन ही बना सकी। अमित ने अपने तीन ओवरों में चार विकेट लिए जबकि मोहसिन, शिवम और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला। विदर्भ की ओर से अपूर्व वानखेडे ने 33 और कप्तान फैज फजल ने 32 रन का योगदान दिया।