कर्नाटक टीम के तूफानी ओपनर रॉबिन उथप्पा ने महाराष्ट्र के खिलाफ 50 गेंदों में 2 छक्के और 10 चौकों के साथ 80 रनों की पारी खेली। लेकिन फिर भी उनकी टीम 26 रनों से हार गई।
गुरुवार को कटक में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के एक मुकाबले में कर्नाटक ने टॉस जीतकर महाराष्ट्र को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। महाराष्ट्र ने शानदार बल्लेबाजी की और 20 ओवरों में 8 विकेट पर 184 रन ठोक डाले।
हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शुरुआती दो ओवरों में ही टीम 16 रन पर दो विकेट गंवा चुकी थी। लेकिन मध्यक्रम ने अच्छी बल्लेबाजी से टीम को मजबूत और विशाल स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में कर्नाटक के ओपनर उथप्पा के अलावा कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाए और जल्दी-जल्दी विकेट गंवाए। टीम के 6 बल्लेबाज (एक नॉट आउट समेत) दहाई का आंकड़ा तक छू नहीं पाए। पूरी टीम 18.3 ओवरों में 158 रनों पर ढ़ेर हो गई।
कप्तान 2 रन पर निपटे, पर मिल गई जीत
टीम इंडिया के क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा (सौराष्ट्र टीम के कप्तान) पिछली बार तो विपक्षी गेंदबाजों पर जमकर बोले और तूफानी अर्धशतक लगाकर टीम को जीत दिलाई। लेकिन इस बार 2 रन पर निपट गए। हालांकि टीम को शानदार जीत मिली।
गुरुवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टूर्नामेंट के बी ग्रुप के एक मुकाबले में सौराष्ट्र और राजस्थान के बीच फटाफट मुकाबले में पुजारा की टीम ने 25 रन से जीत दर्ज कर 4 प्वाइंट बना लिए।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनकर पुजारा साथी क्रिकेटर शेल्डन जेक्सन (23) के साथ ओपनिंग करने उतरे। लेकिन 2 रन बनाते ही आउट हो गए। टीम के सर्वाधिक स्कोरर दीपक पुनिया (30) रहे। टीम ने 20 ओवरों में 5 विकेट पर 140 रन बनाए।
जवाब में राजस्थान की बल्लेबाजी बेहद लचर रही। सौराष्ट्र टीम के गेंदबाज शौर्य सनादिआ के आगे राजस्थान के बल्लेबाजों की एक नहीं चली। उन्होंने 3 विकेट झटके। उनके साथ प्रेरक मानकद को 2 सफलता मिली। राजस्थान टीम के 5 बल्लेबाज (एक नॉटआउट समेत) खाता भी नहीं खोल पाए। पूरी टीम 115 रनों पर ढ़ेर हो गई।
यूपी की लगातार चौथी जीत
मध्यक्रम के बल्लेबाज उमंग शर्मा (नाबाद 47) की विजयी पारी की बदौलत उत्तर प्रदेश ने सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी ग्रुप डी मुकाबले में बृहस्पतिवार को मुंबई को चार विकेट से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की।
इस जीत से उत्तर प्रदेश को पूरे चार अंक हासिल हुए। उत्तर प्रदेश ने टॉस जीतकर मुंबई को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मुंबई ने ओपनर श्रेयष अय्यर के 43 गेंदों पर ताबड़तोड़ 78 रनों की बदौलत 20 ओवर में छह विकेट पर 164 रन बनाए।
उत्तर प्रदेश की ओर से अंकित राजपूत और पीयूष चावला ने दो-दो विकेट झटके। 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी ने दो गेंद शेष रहते छह विकेट पर 168 रन बनाए। उसकी ओर से ओपनर प्रशांत गुप्ता (33) और समर्थ सिंह (16) ने पहले विकेट के लिए 40 रन जोड़े।
इसके बाद कप्तान सुरेश रैना (20), एकलव्य द्विवेदी (10) और अक्षदीप नाथ (14) ने भी छोटी लेकिन उपयोगी पारी खेली। मुंबई की ओर से धवल कुलकर्णी और एडी लाड ने दो-दो विकेट झटके।