श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में सूर्यकुमार यादव ने शानदार शतक लगाया। उन्होंने 51 गेंदों में नाबाद 112 रन बनाए। उनकी इस पारी में नौ छक्के और सात चौके शामिल थे। उनकी इस पारी के चलते भारत ने 228 रन का बड़ा स्कोर बनाया और सीरीज का निर्णायक मुकाबला 91 रन के बड़े अंतर से जीत लिया।
सूर्यकुमार यादव ने भारत के लिए टी20 में तीसरी बार शतकीय पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी देखकर दिग्गज भी उनके कायल हो गए विराट कोहली भी इनमें से एक थे। कोहली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में सूर्यकुमार यादव की फोटो शेयर की और दो फायर इमोजी भी लगाए। इसके साथ ही दो ताली बजाने वाले इमोजी भी थे।
भारत को मैच जिताने के बाद जब सूर्यकुमार यादव वापस लौट रहे थे तो उनकी फैन फॉलोइंग देखने को मिली। श्रीलंका के खिलाफ राजकोट में उन्होंने जिस तरह की बल्लेबाजी की थी, निश्चित रूप से स्टेडियम में मौजूद हर इंसान को उन्होंने अपना फैन बना लिया था। लोग उनकी फोटो लेने और उनसे हाथ मिलाने के लिए बेताब थे।