भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सूर्यकुमार इस वीडियो में गली क्रिकेट में बल्लेबाजी करते दिख रहे हैं और अपना सुपला शॉट (स्कूप शॉट) खेलते हुए भी दिख रहे हैं। यह वीडियो मुंबई का है, जहां सूर्यकुमार घूमने निकले थे और फैंस के साथ गली क्रिकेट भी खेले। इस दौरान उन्होंने फैंस के कहने पर सुपला शॉट भी खेला।
सूर्यकुमार फिलहाल भारत की टेस्ट टीम का हिस्सा हैं। नागपुर में हुए पहले टेस्ट में उन्हें खेलने का मौका मिला था। हालांकि, डेब्यू मैच में वह कुछ खास नहीं कर पाए थे। इसके बाद श्रेयस अय्यर फिट हुए और सूर्यकुमार को टीम से बाहर जाना पड़ा। इसके बाद से उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट सीरीज का चौथा और आखिरी मुकाबला अहमदाबाद में होना है और इस मैच में भी सूर्यकुमार को मौका मिलने की संभावना कम है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज में सूर्यकुमार को खेलने का मौका मिल सकता है। इसके बाद वह आईपीएल में अपना जलवा दिखाएंगे।
सूर्यकुमार यादव आईपीएल में मुंबई की टीम का हिस्सा हैं। मुंबई के लिए ही शानदार बल्लेबाजी करने के बाद उन्होंने भारत की टी20 टीम में जगह बनाई और अब वह दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज बने हुए हैं। टी20 में कमाल की बल्लेबाजी करने के बाद ही उन्होंने भारत की वनडे और टेस्ट टीम में जगह बनाई है। हालांकि, वह टी20 जैसा कमाल वनडे और टेस्ट में नहीं कर पाए हैं।
48 टी20 मैच में 1675 रन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव ने 20 वनडे मैच में सिर्फ 953 रन बनाए हैं। वहीं, एकमात्र टेस्ट मैच में उनके बल्ले से आठ रन निकले थे। आईपीएल में सूर्यकुमार यादव 108 पारियों में 2644 रन बना चुके हैं। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने भारतीय टीम में जगह बनाई है।