कप्तान सूर्य कुमार यादव की नाबाद 94 रन की पारी की बदौलत मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सुपर लीग के ग्रुप बी मैच में कर्नाटक को सात विकेट से हराया। कर्नाटक के 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने बेहतरीन फार्म में चल रहे सूर्यकुमार की पारी की मदद से 19 ओवर में तीन विकेट पर 174 रन बनाकर जीत दर्ज की। सुपर लीग में यह कर्नाटक की पहली हार है। सूर्य ने 53 गेंद की अपनी पारी में 11 चौके और दो छक्के मारे। पृथ्वी शॉ ने 30, श्रेयस अय्यर ने 14 और शिवम दुबे ने नाबाद 22 रन की पारी खेली। सूर्य और शिवम के बीच चौथे विकेट पर नाबाद 84 रन की साझेदारी हुई।
इससे पहले कर्नाटक की ओर से लोकेश राहुल (00), कप्तान मनीष पांडे (04) और करुण नायर (08) सस्ते में आउट हो गए थे लेकिन देवदत्त पडिक्कल ने 54 रन की पारी खेली जबकि रोहन कदम ने 47 गेंदों में 71 रन बनाए।