सूर्यकुमार ने पीड़ित परिवारों के प्रति व्यक्त की एकजुटता
सूर्यकुमार ने मैच के बाद कहा, मैं कुछ कहना चाहता हूं और यह मौका भी सही है। हम पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिवार के साथ हैं और इनके साथ अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं। मैं यह जीत (पाकिस्तान के खिलाफ) हमारे सभी सशस्त्र बलों को समर्पित करता हूं जिन्होंने काफी बहादुरी दिखाई है। उम्मीद है कि वे आगे भी हमें प्रेरित करते रहेंगे और जब भी हमें उन्हें खुशी देने का मौका मिलेगा, हम उनके चेहरे पर हंसी लाते रहेंगे।
भारत ने एकतरफा अंदाज में जीता मैच
मैच की बात करें तो भारत ने एकतरफा अंदाज में पाकिस्तान को पटखनी दी और सात विकेट से मैच जीता। भारत ने पाकिस्तान को 25 गेंदों के शेष रहते हराकर मौजूदा टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 127 रन बनाए। जवाब में भारत ने 15.5 ओवर में तीन विकेट पर 131 रन बनाए और मैच अपने नाम कर लिया। भारतीय गेंदबाजों के बाद बल्लेबाजों ने भी निराश नहीं किया और आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।