खराब फॉर्म के कारण सूर्यकुमार यादव की भारत की टी20 कप्तानी पर खतरा मंडरा रहा है। बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक, श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा अगले टी20 कप्तान बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं।
भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर खतरा मंडरा रहा है। समाचार एजेंसी पीटीआई ने बीसीसीआई के एक सूत्र के हवाले से बताया कि, हालिया समय में खराब प्रदर्शन और निरंतरता की कमी के कारण चयनकर्ता टी20 टीम की कप्तानी में बदलाव पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। यह खबर भारत के आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम चयन से ठीक पहले सामने आई है। बीसीसीआई अब 2028 टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है और इसी रणनीति के तहत नए कप्तान की तलाश शुरू हो गई है।
विज्ञापन
श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा प्रमुख दावेदार
टी20 कप्तानी की दौड़ में श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। दोनों खिलाड़ियों ने हाल के महीनों में शानदार प्रदर्शन किया है और टीम प्रबंधन का भरोसा भी हासिल किया है। श्रेयस अय्यर को उनके नेतृत्व अनुभव और दबाव में खेलने की क्षमता के कारण मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा है। वहीं, युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा को भविष्य के कप्तान के रूप में देखा जा रहा है, जिन्होंने सीमित अवसरों में अपनी प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया है।
हालिया फॉर्म बनी चिंता का कारण
सूर्यकुमार यादव को टी20 क्रिकेट के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में गिना जाता है। उन्होंने भारत के लिए अब तक 113 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 3272 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 36.35 और स्ट्राइक रेट 162.94 का रहा है। हालांकि पिछले डेढ़ साल में उनके प्रदर्शन में गिरावट देखने को मिली है। जनवरी 2025 से मार्च 2026 के बीच सूर्यकुमार ने 35 टी20 मुकाबलों में सिर्फ 702 रन बनाए, जबकि उनका औसत महज 26 रहा। वहीं पूरे 2024 में उन्होंने 18 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 429 रन बनाए थे और उनका औसत 26.81 का रहा। अक्तूबर 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ अर्धशतक लगाने के बाद सूर्यकुमार का बल्ला लंबे समय तक शांत रहा। इसके बाद जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने वापसी करते हुए तीन अर्धशतकीय पारियां खेलीं, जिससे उनके फॉर्म में लौटने की उम्मीद जगी थी।
कप्तान के तौर पर रहा सफल कार्यकाल
बल्लेबाजी में संघर्ष के बावजूद कप्तान के रूप में सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उनकी कप्तानी में भारत ने 2025 एशिया कप और 2026 टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा वह 2023 एशिया कप और 2024 टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा रहे। 2026 टी20 विश्व कप में सूर्यकुमार ने अमेरिका के खिलाफ नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेली थी, लेकिन इसके बाद वह उसी लय को बरकरार नहीं रख सके।
आईपीएल 2026 में भी नहीं चला बल्ला
आईपीएल 2026 में भी सूर्यकुमार यादव उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। मुंबई इंडियंस ने उन्हें रिटेन करने के लिए 16.35 करोड़ रुपये खर्च किए थे। टी20 विश्व कप जीतकर आईपीएल में उतरे सूर्यकुमार से बड़ी पारियों की उम्मीद थी, लेकिन वह पूरे सीजन संघर्ष करते नजर आए। उन्होंने 13 पारियों में 147 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 270 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से केवल दो अर्धशतक निकले। सूर्यकुमार की खराब फॉर्म को मुंबई इंडियंस के निराशाजनक प्रदर्शन की प्रमुख वजहों में से एक माना जा रहा है।
जल्द हो सकता है बड़ा फैसला
बीसीसीआई की ओर से अभी तक कप्तानी को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों का दावा है कि चयनकर्ता अगले टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए नेतृत्व परिवर्तन पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। ऐसे में आगामी दिनों में भारतीय टी20 टीम की कप्तानी को लेकर बड़ा फैसला सामने आ सकता है।