टीम इंडिया में वापसी की कोशिश में जुटे मध्यक्रम के बल्लेबाज सुरेश रैना को रविवार को बड़ी खुशी मिल सकती है। रैना को जल्द ही टीम इंडिया की पोशाक में खेलते हुए देखने को मिल सकता है। श्रीलंका के खिलाफ आगामी वन-डे सीरीज और टी20 इंटरनेशनल मैच के लिए रैना के चयन पर विचार होना संभव है। रैना फिलहाल बैंगलोर स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट एकेडमी (एनसीए) में ट्रेनिंग कर रहे हैं। इससे यह माना जा सकता है कि भारतीय टीम में उन्हें शामिल करने की प्रबल संभावना है।
सूत्रों के अनुसार रैना की हिटिंग करने की शैली भारतीय टीम के लिए 2019 विश्वकप में एक शानदार प्रभाव जमा सकती है। उनके अनुसार सीमित ओवर सीरीज में कार्यक्रम काफी कम है इसलिए रैना को खिलाना जरुरी हो जाता है। दाएं हाथ के सुरेश रैना 2019 विश्वकप में प्रमुख खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।
ये भी पढ़ें : धोनी ने वन-डे सीरीज के लिए की स्पेशल ट्रेनिंग, सिर्फ 2.91 सेकंड में पार कर गए 20 मीटर
हाल ही में मेहन्द्र सिंह धोनी ने रैना के साथ खुद की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की है, इसमें उनके साथ केदार जाधव भी हैं। वन-डे सीरीज से पहले चल रही तैयारियों के दौरान इस फोटो को पोस्ट किया गया है। इससे साफ़ तौर पर जाहिर होता है कि बाएं हाथ के रैना को श्रीलंका भेजा जा सकता है।
गौरतलब है कि सुरेश रैना ने अंतिम बार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2 साल पहले वन-डे खेला था। टी20 में उन्होंने इंग्लैंड के भारत दौरे के समय फरवरी में टीम का प्रतिनिधित्व किया था। इसके बाद वेस्टइंडीज में रैना नहीं खेल पाए थे।
ये भी पढ़ें : विराट कोहली ने मीडिया पर निकाली भड़ास, कहा- कौन बोल रहा है कि मैं नहीं खेलूंगा?
हालांकि रैना को टीम में जगह बनाने के लिए कड़ी प्रतियोगिता से भी गुजरना होगा। युवराज सिंह को भी एनसीए में देखा गया था। इसके अलावा केएल राहुल, अजिंक्य रहाणे और मनीष पांडे भी इस सूची में शामिल हैं। रैना को टीम में किसकी जगह शामिल किया जाता है, या नहीं किया जाता है यह देखने वाली बात होगी।