टीम इंडिया के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की हाल ही में मेरठ की नुपूर नागर से सगाई हुई और जल्द ही दोनों विवाह के बंधन में बंधने के लिए तैयार हैं। भारतीय क्रिकेटर ने ग्रेटर नोएडा में एक निजी कार्यक्रम में नुपूर नागर से सगाई की थी। 27 वर्षीय भुवी ने इंस्टाग्राम के जरिए अपने फैंस को सगाई की जानकारी दी। इस कार्यक्रम में भुवी व नुपूर के परिवार के सदस्य और खास दोस्त शामिल हुए।
इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने गुरुवार को ट्विटर पर एक फोटो पोस्ट करके कैप्शन लिखा, 'खुशियों की यादों में वापस गया, जिसने मुझे आगे आने वाले शानदार भविष्य की तरफ आगे बढ़ने और सपना देखने के लिए प्रेरित किया।'
भुवनेश्वर कुमार के साथ लंबे समय से क्रिकेट खेलते आ रहे टीम इंडिया के बल्लेबाज सुरेश रैना ने अपने साथी की शादी की खबर पर खुशी व्यक्त की है। रैना ने भुवी को सोशल मीडिया पर बधाई दी और कहा कि वो उनकी शादी में जमकर डांस करेंगे। रैना ने ट्वीट किया, 'शुभकामनाएं भुवी, आपकी शादी में डांस करने पर ध्यान लगा हुआ है।'
Congratulations @BhuviOfficial looking forward to dance on your wedding 👍😁☑️😝💯 https://t.co/Nuk2iRtPdm
— Suresh Raina (@ImRaina) October 5, 2017
बता दें कि भारतीय टीम 7 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी, जिसका पहला मैच रांची में खेला जाएगा। भुवनेश्वर कुमार इस टीम में खेलेंगे जबकि सुरेश रैना को जगह नहीं मिली है।