फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंस्टाग्राम पर सार्वजनिक घोषणा के एक दिन बाद रैना ने BCCI को दी संन्यास की सूचना, बोर्ड ने कही ये बात

Mon, 17 Aug 2020 02:55 PM IST
Rajeev Rai स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
सुरेश रैना
विज्ञापन

टीम इंडिया के बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना ने धोनी के साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। उन्होंने शनिवार को इंस्टाग्राम पर ही इसका एलान किया और सार्वजनिक रूप से जानकारी दी। बीसीसीआई ने सुरेश रैना की सराहना की है और साथ ही सोमवार को कहा कि इस ऑलराउंडर ने सार्वजनिक घोषणा से एक दिन बाद बोर्ड को संन्यास के फैसले की सूचना दी थी।

विज्ञापन


साथ ही बीसीसीआई ने बयान में कहा, ‘बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज सुरेश रैना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के अपने फैसले के बारे में बीसीसीआई को रविवार को औपचारिक रूप से जानकारी दी थी।’ आम तौर पर खिलाड़ी संन्यास की घोषणा करने से पहले बीसीसीआई को सूचित करते हैं।
 

रैना ने 13 साल के अपने करियर के दौरान 18 टेस्ट, 226 वनडे और 78 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने संक्षिप्त समय के लिए टीम की कमान भी संभाली। टेस्ट पदार्पण में शतक जड़ने वाले रैना खेल के तीनों प्रारूपों में शतक जड़ने वाले पहले भारतीय हैं।
विज्ञापन


बयान के अनुसार, ‘उनकी कप्तानी में भारत ने वेस्टइंडीज को एकदिवसीय मैचों में 3-2 से हराकर श्रृंखला जीती और बांग्लादेश को 2-0 से हराया और साथ ही जिंबाब्वे में टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला 2-0 से जीती।’

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने रैना की सराहना करते हुए कहा, ‘सुरेश रैना सीमित ओवरों के प्रारूप में भारत के लिए अहम खिलाड़ी रहे। निचले क्रम में आकर मैच जिताने वाली पारी खेलने के लिए काफी कौशल और प्रतिभा की जरूरत होती है।’ गांगुली ने कहा, ‘उन्होंने और युवराज सिंह ने मिलकर एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत के लिए मजबूत मध्यक्रम बनाया। मैं उन्हें और उनके परिवार को शुभकामनाएं देता हूं।’ 

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने कहा, ‘सुरेश रैना टी-20 के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से एक हैं। मैदान पर काफी जीवंत, रैना ने अपने पूरे क्रिकेट करियर के दौरान बायें हाथ के बल्लेबाज के रूप में अपनी क्षमता दिखाई।’ शाह ने कहा, ‘बड़े मैच के खिलाड़ी रैना की आस्ट्रेलिया के खिलाफ 2011 विश्व कप क्वार्टर फाइनल में तेजतर्रार पारी उनके शानदार करियर की गवाह है। मैं करियर की दूसरी पारी में उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।’

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें