फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

श्रीनिवासन को सुप्रीम कोर्ट ने दिया झटका

Sat, 28 Sep 2013 08:44 AM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग के बाद लगातार मुश्किलों में घिरते जा रहे बीसीसीआई अध्यक्ष एन. श्रीनिवासन को शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट ने जोर का झटका धीरे से दे दिया।
विज्ञापन


कोर्ट ने हालांकि 29 सितंबर को होने वाले बोर्ड के चुनाव में लड़ने की अनुमति देकर जहां उन्हें कुछ राहत दी वहीं फिक्सिंग मामले में फैसला आने तक उन्हें फिर से बोर्ड अध्यक्ष का पद ग्रहण करने से रोककर जोर का झटका भी दे दिया।

जस्टिस एके पटनायक और जस्टिस जेएस खेहर की पीठ ने आदेश में कहा कि 29 सितंबर को बीसीसीआई की प्रस्तावित वार्षिक आम सभा की बैठक और चुनाव में यदि श्रीनिवासन अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित होते हैं तो वह अगले आदेश तक पदभार ग्रहण नहीं करेंगे।
विज्ञापन


पीठ ने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया कि आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग में दामाद गुरुनाथ मैयप्पन के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल होने के बावजूद श्रीनिवासन बोर्ड अध्यक्ष के पद पर डटे हुए हैं।

अदालत ने स्पष्ट किया कि इस मामले का निपटारा होने तक वह बोर्ड के अध्यक्ष पद का कार्यभार नहीं ग्रहण करेंगे।

सर्वोच्च अदालत ने बोर्ड के अधिवक्ता से सवाल किया कि यदि दामाद पर आरोपपत्र दायर किया गया है तो फिर वह प्रभारी (बीसीसीआई के अध्यक्ष) कैसे बने हुए हैं?

पीठ ने इस मामले की सुनवाई सोमवार के लिए निर्धारित करते हुए कहा कि हम किसी को नहीं सिर्फ क्रिकेट को जानते हैं। हम सिर्फ बीसीसीआई को जानते हैं।

कोर्ट ने क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार (कैब) की अर्जी पर सुनवाई के दौरान यह अंतरिम आदेश दिया है।

कैब चाहता था कि वार्षिक आम सभा की बैठक में श्रीनिवासन को अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने से रोका जाए। अदालत बीसीसीआई को यह निर्देश दे कि कानूनी विवाद का निपटारा होने तक श्रीनिवासन को किसी भी समिति में शामिल नहीं किया जाए।

मैं बोर्ड चुनाव लड़ूंगा: श्रीनिवासन
सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद एन. श्रीनिवासन ने एक बार फिर जोर देकर कहा कि वह रविवार को चेन्नई में बीसीसीआई अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ेंगे।

उन्होंने कहा, ‘मुझे चुनाव लड़ने और एजीएम की बैठक में हिस्सा लेने से कोई नहीं रोक सकता। आप कोर्ट के फैसले को गौर से देखें। उसमें साफ कहा गया है कि मैं एजीएम में हिस्सा ले सकता हूं और चुनाव भी लड़ सकता हूं। ऐसे में फिर मैं क्यों नहीं चुनाव लड़ूंगा?’

स्पॉट फिक्सिंग मामले में फैसला आने तक पदभार ग्रहण नहीं करने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘मैं इस मामले पर कुछ भी नहीं कहूंगा। आप जो कुछ भी लिखना चाहें उसके लिए स्वतंत्र हैं लेकिन कृपया सच ही लिखना।’
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें