हैदराबाद के खिलाफ कोलकाता की टीम लगातार छठी जीत के इरादे से उतरेगी
- फोटो : IPL/BCCI
जीत की लय में वापसी करने वाली सनराइजर्स हैदराबाद को ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर की चोट के कारण कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ शुक्रवार को अपने संयोजन में बदलाव करने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। टूर्नामेंट में धीमी शुरुआत के बाद हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के खिलाफ लगातार जीत हासिल की और अब केन विलियम्सन की अगुआई वाली टीम जीत की हैट्रिक करने की कोशिश में लगी है।
टीम के अहम खिलाड़ी वाशिंगटन इस मैच में नहीं खेल पाएंगे क्योंकि गुजरात के खिलाफ क्षेत्ररक्षण के दौरान उनके हाथ में चोट लग गई थी। वाशिंगटन ने अपनी स्पिन गेंदबाजी से बल्लेबाजों पर अंकुश रखा और बल्ले से भी उपयोगी योगदान दिया। वह चार विकेट लेने के अलावा एक अर्धशतक भी लगा चुके हैं।
कोच टॉम मूडी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सुंदर कम से कम दो मैच नहीं खेल पाएंगे। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अंतिम एकादश में इस ऑलराउंडर की जगह कौन लेता है। हैदराबाद के पास स्पिन विभाग में श्रेयस गोपाल और जगदीश सुचित के रूप में दो विकल्प हैं। इसके अलावा अब्दुल समद भी हैं।
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद
- फोटो : IPL/BCCI
बल्लेबाजी हैदराबाद की परेशानी
सनराइजर्स को सबसे ज्यादा परेशानी बल्लेबाजी में हो रही है क्योंकि टीम पहले दो मैच में लक्ष्य का पीछा करते हुए विफल रही। टीम ने इस समस्या का निदान सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और विलियम्सन की बदौलत किया जिन्होंने पिछले दो मैचों में अच्छी बल्लेबाजी की है। अभिषेक ने पिछले दो मैचों में 75 और 42 रन की मैच विजयी पारियां खेलीं जबकि विलियम्सन ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 32 और 57 रन बनाए।
राहुल की उपलब्धता होगी अहम
गुजरात के खिलाफ राहुल त्रिपाठी अच्छा खेल रहे थे लेकिन उन्हें मांसपेशियों में खिंचाव के कारण रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा और उनकी उपलब्धता भी टीम के लिए अहम होगी। त्रिपाठी की अनुपस्थिति में निकोलस पूरन और ऐडन मार्करम ने गुजरात के खिलाफ उनकी कमी पूरी की और अब टीम उम्मीद करेगी कि वे इसी निरंतरता को कायम रखते हुए मध्यक्रम की जिम्मेदारी संभाले। गेंदबाजी में मार्को जेनसन ने पिछले दो मैचों में एक एक विकेट चटकाए जबकि उनके साथी तेज गेंदबाज टी नटराजन और भुवनेश्वर कुमार ने भी अहम विकेट चटकाकर योगदान दिया।
कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद
- फोटो : IPL/BCCI
केकेआर को वापसी की उम्मीद
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम काफी मजबूत है और वह पिछले मैच की हार से वापसी करना चाहेगी। श्रेयस अय्यर एंड कंपनी दिल्ली के डेविड वॉर्नर और पृथ्वी शॉ वाले मजबूत बल्लेबाजी क्रम के सामने टिक नहीं सकी जिसके आगे उनका मजबूत गेंदबाजी आक्रमण भी धारहीन दिखा। उमेश यादव को इस सत्र में पहली बार खराब दिन का सामना करना पड़ा क्योंकि उन्होंने एक विकेट के लिए 48 रन गंवाए। ऐसा ही पैट कमिंस के साथ हुआ और इस ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने अपने चार ओवर में 51 रन लुटा दिए। वरुण चक्रवर्ती और आंद्रे रसेल ने क्रमश: 44 और 16 रन दिए। पिछले मैच में अय्यर ने रन जुटाने की जिम्मेदारी उठाते हुए 54 रन बनाए।
रहाणे की फॉर्म चिंता का सबब
सलामी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे की खराब फॉर्म कोलकाता के लिए चिंता का विषय है। वेंकटेश अय्यर भी धमाल नहीं कर सके हैं और अभी तक पांच पारियों में उन्होंने महज एक अर्धशतक लगाया है। पूर्व चैंपियन कोलकाता साथ ही नितीश राणा, आंद्रे रसेल और सैम बिलिंग्स से और अधिक निरंतरता की उम्मीद करेगी।