स्पिनर अमित मिश्रा की शानदार गेंदबाजी और कप्तान शिखर धवन के बेमिसाल अर्धशतक से हैदराबाद सनराइजर्स ने फैसलाबाद वोल्व्स को सात विकेट से करारी शिकस्त देकर चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 टूर्नामेंट के मुख्य ड्रा में आसानी से प्रवेश कर लिया।
हैदराबाद ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और पाकिस्तानी टीम की टूर्नामेंट में वापसी के सभी रास्ते बंद कर दिए। मिस्बाह-उल-हक की अगुवाई वाली फैसलाबाद को लगातार दूसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा।
मोहली में खेले गए मैच में 128 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद को एक बार फिर ओपनर धवन और पार्थिव पटेल ने पहले विकेट के लिए 68 रन जोड़कर बढ़िया शुरुआत दी।
धवन ने 50 गेंद में छह चौकों और एक छक्के के साथ 59 जबकि पार्थिव ने 21 गेंद में तीन चौकों के साथ 23 रन की पारी खेली। हैदराबाद ने 17.3 ओवर में तीन विकेट पर 131 रन बनाकर जीत हासिल कर ली।
‘मैन ऑफ द मैच’ अमित मिश्रा ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में एक मेडन देकर 13 रन दिए और एक विकेट चटकाया।
इससे पहले, टॉस जीतकर हैदराबाद ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पाक टीम के ओपनर आमार महमूद (31) और अली वकास (16) ने पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े। कप्तान मिस्बाह ने 40 गेंद में एक चौके और पांच छक्कों के साथ नाबाद 56 रन बनाए।
लेकिन अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका और टीम पांच विकेट पर सिर्फ 127 रन ही बना सकी।
ओटागो की भी दूसरी जीत
रेयान टेन डेश्चोट के 64 रन की विस्फोटक पारी से न्यूजीलैंड के ओटागो ने श्रीलंका के कांदुराता मरूंस को आसानी से छह विकेट से हराकर टूर्नामेंट के मुख्य दौर के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया।
दूसरी ओर लगातार दूसरी हार के बाद श्रीलंकाई टीम के लिए आगे की राह काफी कठिन हो गई है।
ओटागो ने क्वालीफाइंग के अपने दूसरे मैच में श्रीलंकाई टीम को नौ विकेट पर 154 रन पर थामने के बाद डोश्चेट के मात्र 32 गेंदों में दो चौकों और पांच छक्कों की मदद से बनाए गए 64 रन की बदौलत 18 ओवर में ही चार विकेट पर 157 रन बनाकर लगातार दूसरी जीत हासिल कर ली।
ओटागो ने मंगलवार को पाकिस्तानी टीम फैसलाबाद वोल्व्स को भी हराया था। ओटागो का आखिरी ग्रुप मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से शुक्रवार होगा।