पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वह सस्ते में आउट हुए। अब हैदराबाद के सहायक कोच जेम्स फ्रैंकलिन ने बताया है किस तरह रणनीति के तहत उन्हें जल्द आउट किया गया।
सनराइजर्स हैदराबाद के सहायक कोच जेम्स फ्रैंकलिन ने खुलासा करते हुए बताया है कि किस तरह टीम ने रणनीति के तहत पंजाब किंग्स के विस्फोटक सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या को रोकने की रणनीति बनाई थी। प्रियांश इस सीजन पंजाब के लिए दमदार बल्लेबाजी कर रहे हैं, लेकिन वह सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वह एक रन बनाकर ही आउट हो गए थे।
विज्ञापन
सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने बुधवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स को 33 रन से हराकर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया। एसआरएच के सहायक कोच जेम्स फ्रैंकलिन इस जीत का श्रेय कप्तान पैट कमिंस की तकनीकी समझ और गेंदबाजी के लिए उनके द्वारा बनाई रणनीति को दिया। पंजाब किंग्स के सबसे खतरनाक बल्लेबाज प्रियांश आर्या को कमिंस ने पहले ओवर में ही आउट कर दिया। इसे फ्रैंकलिन ने इसे कमिंस की सोची समझी रणनीति बताया।
फ्रैंकलिन ने कमिंस को दिया श्रेय
फ्रैंकलिन ने कहा, मुझे लगता है कि योजना पहले से बनी थी। हमारे गेंदबाज गेंदबाजी कोच वरुण आरोन के साथ मैच से पहले बहुत काम करते हैं। मुझे लगता है कि कभी-कभी आपको जरूरी नहीं कि वैसी ही गेंद फेंकनी पड़े जैसी शायद फील्ड उम्मीद कर रही हो। हमने पहले भी ऐसी गेंद देखी थी। उसने उसी तरह की लाइन पर काफी अच्छे बाउंस के साथ गेंदबाजी की और मौका बनाया। हमारे सभी गेंदबाज अच्छी तरह से जानते हैं कि कमिंस प्रियांश को चकमा देने और मौका बनाने में कामयाब रहे।
उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि हमें अपने बल्लेबाजों से पहली पारी में मिले फीडबैक से योजना बनाने में आसानी हुई। जैसे-जैसे पारी बढ़ी, उन्हें लगा कि पिच काफी धीमी हो रही है। उन्होंने पाया कि जब पंजाब के गेंदबाज विकेट पर तेज कटर डाल रहे थे, तो हिट करना थोड़ा मुश्किल हो रहा था। यह वह फीडबैक था जो हमारे गेंदबाजी ग्रुप को मिला। हमने गेंदबाजी करते समय इसका बहुत इस्तेमाल किया। जब आप गेम में पहले बल्लेबाजी करते हैं, तो आप अपनी गेंदबाजी की योजना को कैसे लागू करने की कोशिश करते हैं यह बहुत हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि पिच कैसी खेल रही है, इसलिए हमने पहले बल्लेबाजी करने से मिले अनुभव का फायदा उठाया।
टीम की रणनीति पर क्या बोले फ्रैंकलिन
फ्रैंकलिन ने कहा कि मैं बस इतना कहूंगा कि वरुण, पैट कमिंस और मुख्य कोच डेनियल विटोरी के गेंदबाजी ग्रुप के साथ जो बात करते हैं वह बहुत विस्तृत होती है, क्योंकि आजकल बल्लेबाजी काफी मजबूत हो गई है। आईपीएल में सभी टीमों की टॉप थ्री, टॉप 4 और खासकर पावरप्ले में बल्लेबाजी काफी खतरनाक है। हमने जो योजना बनाई थी, वो पावरप्ले में काम आई। हमने कुछ शुरुआती मौके बनाए, उनके खतरनाक ओपनर्स को पहले कुछ ओवरों में आउट किया और फिर श्रेयस को जल्दी आउट करने के बाद गेम में हमारी अच्छी पकड़ बन गई थी।
उन्होंने कहा, श्रेयस का विकेट गिरने के बाद भी हमें पता था कि पंजाब की बल्लेबाजी में गहराई है। कूपर ने अपने पहले आईपीएल शतक में शानदार बल्लेबाजी की। मुझे यकीन है कि उसे इस पर गर्व होगा। लेकिन हमारी गेंदबाजी पूरे 20 ओवर योजना के मुताबिक रही जिसका परिणाम हमें मिला।