सुनील गावस्कर और दिनेश कार्तिक
- फोटो : सोशल मीडिया
टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच 18 से 22 जून तक इंग्लैंड के साउथहैंप्टन में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए टीम इंडिया 3 जून को ही साउथहैंप्टन पहुंच चुकी है। हालांकि, अभी सभी खिलाड़ी क्वारंटीन हैं। खास बात यह है कि इन क्रिकेटर्स के अलावा भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक भी साउथहैंप्टन पहुंच चुके हैं, लेकिन इस बार वह मैच खेलने के बजाय कॉमेंट्री करेंगे।
कॉमेंट्री की दुनिया में कदम
दरअसल, दिनेश कार्तिक न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल से कॉमेंट्री की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। वह डब्ल्यूटीसी फाइनल मैच के दौरान इंडिया के पूर्व कप्तान व कमेंटेटर सुनील गावस्कर के साथ कॉमेंट्री करते हुए नजर आएंगे। उनके इस डेब्यू के लिए टीम सुनील गावस्कर ने उन्हें बधाई दी है। गावस्कर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कार्तिक के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'जब मैं भारतीय क्रिकेट टीम का सलाहकार था तब उन्होंने टेस्ट टीम में डेब्यू किया था। अब वह डब्ल्यूटीसी फाइनल के जरिये कॉमेंट्री की दुनिया में कदम रखेंगे। मुझे पूरा भरोसा है कि वह यहां भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। गुड लक डीके।'
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने डब्ल्यूटीसी फाइनल के लिए दो भारतीय और एक न्यूजीलैंड के कमेंटेटर को अपने कॉमेंट्री पैनल में शामिल किया है। तटस्थ कमेंटेटरों में इंग्लैंड के नासिर हुसैन और माइकल अथर्टन हैं, जबकि भारतीय कमेंटेटरों में पूर्व बल्लेबाज सुनील गावस्कर और मौजूदा विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का नाम शामिल है। इसके अलावा कीवी टीम की ओर से साइमन डॉल को कमेंट्री पैनल में रखा है।
शुभकामना के लिए दिया धन्यवाद
गावस्कर के इस पोस्ट के बाद कार्तिक ने उन्हें शुभकामना देने के लिए धन्यवाद कहा है। उन्होंने इंस्टाग्राम के कॉमेंट सेक्शन में लिखा 'आपके साथ काम कर मुझे खुशी होगी। शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया सर।' बता दें पूरी दुनिया की नजर डब्ल्यूटीसी फाइनल के मुकाबले पर होगी, जो साउथहैंप्टन के एजेस बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा।