टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर का मानना है कि विराट कोहली टीम इंडिया के सबसे सफलतम क्रिकेट कप्तान बन सकते हैं। एक टीवी चैनल को दिए गए इंटरव्यू में गावस्कर ने कहा कि विराट कोहली टीम इंडिया के सबसे महान कप्तान होंगे। विराट ने अपने नेतृत्व और कप्तानी से सभी को प्रभावित किया है।
गावस्कर ने कहा कि विराट ने लगभग हर द्विपक्षीय सीरीज में जीत दर्ज की है और इसी के बदौलत भारत इस साल जून में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा था। उन्होंने कहा कि कोहली टीम इंडिया में टाइगर पटौदी की ही तरह एक शैली लेकर आए हैं।
पढ़ेंः- बेंगलुरू में खुश हो सकते हैं कंगारू, यहां नहीं चलता इस भारतीय सुपर स्टार का जादू
उन्होंने कहा कि विराट कोहली ने टीम इंडिया में एक ऐसे माहौल को पैदा किया है, जिससे शारीरिक फिटनेस और आक्रामक खेल को बढ़ावा मिला है। साथ ही गावस्कर का मानना है कि वर्तमान भारतीय टीम खेल के हर विभाग में बेहतरीन है और टीम इंडिया में भारतीय क्रिकेट के इतिहास में सबसे महान होने की क्षमता है। साथ ही उन्होंने कहा कि ये टीम इतनी मजूबत है कि रविचंद्रन अश्विन जैसे खिलाड़ी के लिए अंतिम एकादश में जगह बनाना मुश्किल हो रहा है।