पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने विराट कोहली के 100वें टेस्ट में दर्शकों के न होने पर निराशा जताई है। उन्होंने कहा है कि विराट के सौवें टेस्ट में दर्शकों का न होना निराशाजनक है, लेकिन सभी के हित में यह फैसला लिया गया है। कोहली श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अपना 100वां टेस्ट खेलेंगे। मोहाली में होने वाले इस मैच में दर्शकों को मैदान में आने की अनुमति नहीं दी गई है। मोहाली में कोरोना के मामलों को देखते हुए यह फैसला किया गया है। पिछले कुछ दिनों में यहां कोरोना के मामले बढ़े हैं।
विराट के फैंस को उम्मीद है कि पांच मार्च को होने वाले इस मैच में विराट दो साल से चला आ रहा शतकों का सूखा खत्म करेंगे। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष आरपी सिंघला ने बताया है कि मोहाली में होने वाले टेस्ट मैच में दर्शकों को आने की अनुमित नहीं दी जाएगी।
सभी के हित में लिया गया फैसला
सुनील गावस्कर ने स्पोर्ट्स टुडे से बातचीत में कहा "आप जब भी कोई मैच खेलते हैं तो चाहते हैं कि वहां पर दर्शक हों। भारत पिछले कुछ समय में दर्शकों के बिना खेला है। कोई अभिनेता हो या कोई क्रिकेटर हो, वो हमेशा दर्शकों के सामने खेलना चाहता है। 100वां टेस्ट बहुत खास होता है। इसमें दर्शकों का न होना निराशाजनक है, लेकिन यह फैसला सभी के हित में लिया गया है। मोहाली में कोरोना के मामले बढ़े हैं, जहां यह मैच खेला जाना है।"
धर्मशाला में मैदान में पहुंचे थे दर्शक
देश में कोरोना के मामले काफी कम हैं और पिछले कुछ मैचों में दर्शकों को मैदान में आने की अनुमति दी गई थी। वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के तीनों मैच अहमदाबाद में हुए थे और दर्शकों को आने की अनुमति नहीं थी, लेकिन टी-20 सीरीज के तीनों मैच कोलकाता में हुए थे। सीरीज के आखिरी मैच में कुछ दर्शक ईडन गार्डन्स में पहुंचे थे। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ दूसरे और तीसरे टी-20 में भी दर्शक धर्मशाला के मैदान में पहुंचे थे। टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच बेंगलुरू में होगा, जहां स्टेडियम की क्षमता के 50 फीसदी दर्शक आ सकेंगे।